Agnipath Scheme: सेना में भर्ती के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लाई गई अग्निपथ भर्ती योजना में बड़ा बदलाव किया गया है। सेना ने इसके नियमों में बदलाव कर आईटीआई/पॉलिटेक्निक ग्रेजुएट युवाओं को भी आवेदन की अनुमति दे दी है। नए आदेश के मुताबिक अब आईटीआई और पॉलिटेक्निक करने वाले युवा भी टेक्निकल ब्रांच के लिए अप्लाई कर सकेंगे।
बता दें कि पिछले साल तीनों सेनाओं में जवानों की भर्ती के लिए अग्निपथ योजना का ऐलान किया गया था। केंद्र सरकार ने अब अग्निपथ योजना के तहत भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव किया है। सरकार की तरफ से जारी एक नोटिफिकेश के मुताबिक, अब ITI-पॉलिटेक्निक पास आउट युवा भी आवेदन कर सकेंगे।
इस बदलाव के बाद भारतीय सेना में और अधिक युवा अप्लाई कर सकेंगे। नियमों में बदलाव के बाद व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों और कुशल उम्मीदवारों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा क्योंकि इससे ट्रेनिंग में लगने वाले समय को कम करने में मदद मिलेगी।
बता दें कि अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को घोषित की गई थी, जिसमें साढ़े 17 साल से 21 साल के बीच के युवाओं को केवल 4 साल के लिए सेना में भर्ती करने का प्रावधान है। वहीं, 4 साल बाद इनमें से केवल 25 प्रतिशत युवाओं की सेवा नियमित करने का प्रावधान है।
कई बीजेपी शासित राज्यों ने यह भी घोषणा की कि अग्निपथ योजना के तहत सशस्त्र बलों में शामिल किए गए सैनिकों को राज्य पुलिस बलों में भर्ती के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, सशस्त्र बलों ने कहा है कि नई भर्ती योजना के खिलाफ हिंसक विरोध और आगजनी करने वालों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू
16 फरवरी से अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में अग्निवीरों की भर्ती के रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। अग्निपथ भर्ती वर्ष 2023-24 के लिए अविवाहित पुरुष अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आवेदन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 16 फरवरी से 15 मार्च तक खुले हैं, जिसमें उम्मीदवार अपनी आयु, शैक्षिक योग्यता, शारीरिक मानदंड और अन्य योग्यता आवश्यकताओं के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
बयान के अनुसार अंत में चरण तीन में चयनित उम्मीदवारों को मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। इसके अनुसार कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन सीईई 17 से 30 अप्रैल के बीच पूरे भारत में 175 से 180 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित करने की योजना है।
ऑनलाइन सीईई के लिए शुल्क 500 रुपये प्रति उम्मीदवार है जिसमें इसका 50 प्रतिशत भारतीय सेना द्वारा वहन किया जाएगा। आवेदन के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवारों को 250 रुपये का भुगतान करना होगा। वे ऑनलाइन सीईई में शामिल होने के लिए पांच विकल्प भी दे सकते हैं।
बयान में कहा गया है कि बदली गई प्रक्रिया भर्ती के दौरान उन्नत संज्ञानात्मक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करेगी और इसके परिणामस्वरूप देश भर में व्यापक और बेहतर पहुंच होगी। इससे भर्ती रैलियों में भीड़ भी कम होगी और मेडिकल परीक्षण के लिए जाने वाले उम्मीदवारों की संख्या भी कम होगी।