Air India Flight: एयर इंडिया की फ्लाइट में बेकाबू यात्री ने एयरलाइन अधिकारी पर किया हमला, सिडनी से नई दिल्ली लौट रहा था विमान
Air India Flight: एयर इंडिया के प्रवक्ता ने HT को बताया कि डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को मामले की जानकारी दे दी गई है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया, "9 जुलाई 2023 को सिडनी-दिल्ली फ्लाइट AI301 पर एक यात्री ने मौखिक और लिखित चेतावनियों के बावजूद उड़ान के दौरान अस्वीकार्य तरीके से व्यवहार किया, जिससे दूसरे यात्रियों को परेशानी हुई, जिसमें हमारा एक कर्मचारी भी शामिल था
Air India Flight: एयर इंडिया की फ्लाइट में बेकाबू यात्री ने एयरलाइन अधिकारी पर किया हमला
एयर इंडिया (Air India) की एक और फ्लाइट में बेकाबू यात्री ने बवाल खड़ा दिया, लेकिन इस बार ये मामला कुछ ज्यादा ही गंभीर हो गया, जब 9 जुलाई को सिडनी से नई दिल्ली (Delhi) लौटते समय एयर इंडिया के एक सीनियर मैनेजमेंट अधिकारी पर एक यात्री ने कथित तौर पर हमला कर दिया। Hindustan Times ने मामले से जुड़े एक अधिकारी के हवाले से कहा, “एयरलाइन के इनफ़्लाइट सर्विस डिपार्टमेंट के प्रमुख, संदीप वर्मा पर दिल्ली के एक यात्री ने हमला कर दिया। हालांकि, उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।” फ्लाइट AI301 सिडनी से दिल्ली लौट रही थी।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने HT को बताया कि डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को मामले की जानकारी दे दी गई है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया, "9 जुलाई 2023 को सिडनी-दिल्ली फ्लाइट AI301 पर एक यात्री ने मौखिक और लिखित चेतावनियों के बावजूद उड़ान के दौरान अस्वीकार्य तरीके से व्यवहार किया, जिससे दूसरे यात्रियों को परेशानी हुई, जिसमें हमारा एक कर्मचारी भी शामिल था।"
उन्होंने कहा, "फ्लाइट की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग होने पर यात्री को सुरक्षा एजेंसी को सौंप दिया गया और बाद में यात्री ने लिखित में माफी मांगी। DGCA को घटना की विधिवत जानकारी दी गई। दुर्व्यवहार के खिलाफ एयर इंडिया कड़ा रुख अपनाएगी। हम इसे कानून की पूरी सीमा तक आगे बढ़ाएंगे।"
हालांकि, DGCA ने इसकी पुष्टि नहीं की कि क्या उसे विमान में वर्मा के साथ मारपीट की जानकारी दी गई थी।
ये घटना तब हुई जब वर्मा ने नई दिल्ली वापस जाने के लिए बिजनेस क्लास की सीट बुक की। वह लगातार ऑस्ट्रेलिया जाते हैं। हालांकि, वह बिजनेस क्लास की सीट पर बैठ नहीं पाए, क्योंकि उनमें से कुछ खराब थीं। इसलिए, उन्हें इकोनॉमी क्लास में डाउनग्रेड करना पड़ा।
अधिकारी ने कहा, "वर्मा ने डाउनग्रेड स्वीकार कर लिया और फिर उन्हें सीट 30C अलॉट की गई। हालांकि, बाद में वह रो 25 में चले गए, क्योंकि वह खाली थी। शिफ्ट होने के बाद, वर्मा ने अपने साथी यात्री टोकना शुरू किया, क्योंकि ये शख्स गैली में घूम रहा था और बिना किसी कारण के शराब की कुछ बोतलें भी उठा ली थीं और उसकी आवाज भी तेज हो गई थी। तभी यात्री ने वर्मा को थप्पड़ मार दिया और उनका सिर मरोड़ दिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।"
अधिकारियों ने बताया कि वर्मा विमान के पिछले हिस्से की ओर भागे, लेकिन इकोनॉमी क्लास की चालक दल की पांच महिलाएं उपद्रवी यात्री को रोक नहीं सकीं।
घटना की जानकारी रखने वाले एक और यात्री ने कहा, “स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बिजनेस क्लास के पुरुष केबिन सुपरवाइजर को बुलाना पड़ा। यात्री को मौखिक और लिखित चेतावनी जारी की गई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई।”
दूसरे अधिकारी ने पुष्टि की, "वर्मा के अनुरोध पर चालक दल ने निरोधक उपकरणों (जो ऑस्ट्रेलियाई क्षेत्र में संचालित होने वाली उड़ानों में उपलब्ध हैं) का इस्तेमाल नहीं किया और कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं की गई।"
एक पूर्व एयरलाइन अधिकारी ने कहा, "ये घटना अनियंत्रित यात्रियों के संबंध में एयरलाइन में दुर्व्यवहार की अनिश्चित स्थिति को सामने लाती है।"
पूर्व अधिकारी ने कहा, "अगर एयरलाइन पिछले सभी यात्रियों से लिखित माफी मांगने के बावजूद उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है, तो उन्हें इस यात्री के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए थी।"
एक दूसरे पूर्व अधिकारी ने कहा, "एयरलाइन को ऐसे मामलों के प्रति जीरो टॉलरेंस का उदाहरण पेश करना चाहिए। हालांकि, यह मामला ठीक इसके विपरीत को उजागर करता है। वे अपने वरिष्ठ प्रबंधन पर हमला करने वाले एक अनियंत्रित यात्री के खिलाफ कार्रवाई न करके यात्रियों के बीच गलत मैसेज भेज रहे हैं।"