अनंत अंबानी के वनतारा को भारत सरकार की ओर से प्रतिष्ठित 'प्राणी मित्र' नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह अवॉर्ड पशु कल्याण में महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट वनतारा के असाधारण योगदान को मान्यता देता है। 'कॉरपोरेट' कैटेगरी में दिया जाने वाला यह अवॉर्ड राधे कृष्ण टेंपल एलिफेंट वेलफेयर ट्रस्ट के प्रयासों के लिए है। यह ट्रस्ट वनतारा की एक पहल है, जो हाथियों के रेस्क्यू, इलाज और आजीवन देखभाल के लिए समर्पित है। अवॉर्ड मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया गया।
वनतारा का अत्याधुनिक एलिफेंट केयर सेंटर रेस्क्यू किए गए 240 से अधिक हाथियों के लिए एक सुरक्षित, चेन-फ्री और समृद्ध वातावरण प्रदान करता है। इस सेंटर में सर्कस से रेस्क्यू किए गए 30 हाथी, लकड़ी उद्योग से रेस्क्यू किए गए 100 से अधिक हाथी और सड़क पर भीख मांगने और सवारी करने जैसी शोषणकारी प्रथाओं से बचाए गए अन्य हाथी रहते हैं। इन हाथियों को अब विश्व स्तरीय वेट्रिनरी केयर मिलती है।
998 एकड़ के जंगल में फैला हुआ है यह सेंटर
हाथियों के शारीरिक और मनोवैज्ञानिक दोनों तरह के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया यह सेंटर विशेष रूप से बनाए गए 998 एकड़ के जंगल में फैला हुआ है। यहां जानवर आजादी से घूम सकते हैं, सामाजिक रूप से जुड़ सकते हैं और प्राकृतिक व्यवहार जैसे चारा ढूंढना, कीचड़ और धूल में नहाना और प्राकृतिक तालाबों में नहाना आदि कर सकते हैं। वनतारा के एलिफेंट केयर सेंटर में दुनिया का सबसे बड़ा एलिफेंट हॉस्पिटल भी है। इसके अलावा वनतारा एलिफेंट एम्बुलेंस का सबसे बड़ा फ्लीट संचालित करता है।
कॉर्पोरेट कैटेगरी में प्राणी मित्र अवॉर्ड कॉरपोरेशंस, PSUs, सरकारी निकायों और सहकारी समितियों को पिछले 5 वर्षों में पशु कल्याण के लिए उनके निरंतर योगदान के लिए दिया जाता है। इसमें पशु कल्याण पहलों के लिए डेडिकेटेड CSR फंडिंग भी शामिल है।