Ashneer Grover और उनकी पत्नी माधुरी को दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट पर रोका, न्यूयॉर्क के लिए हो रहे थे रवाना

भारतपे (Bhartpe) के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) और उनकी पत्नी माधुरी जैन (Madhuri Jain) को गुरुवार देर रात दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि EOW ने इन दोनों के खिलाफ पिछले हफ्ते लुकआउट सर्कुलर जारी किया था

अपडेटेड Nov 17, 2023 पर 5:34 PM
अशनीर ग्रोवर अपनी पत्नी माधुरी जैन के साथ न्यूयॉर्क जा रहे थे

भारतपे (Bhartpe) के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) और उनकी पत्नी माधुरी जैन (Madhuri Jain) को गुरुवार देर रात दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि EOW ने इन दोनों के खिलाफ पिछले हफ्ते लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। इसी के आधार पर इन्हें एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर फ्लाइट्स में सवार होने से रोका गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्रोवर अपनी पत्नी के साथ न्यूयॉर्क जा रहे थे, लेकिन सिक्योरिटी चेकअप के दौरान उन्हें एयरपोर्ट पर भी रोक लिया गया।

ज्वाइंट कमिश्नर ऑफर पुलिस (EOW), सिंधू पिल्लई ने बताया, "उन्हें अपने दिल्ली आवास पर लौटने और अगले सप्ताह मंदिर मार्ग स्थित EOW के ऑफिस में जांच में शामिल होने के लिए कहा गया।"

लुक आउट सर्कुलर का इस्तेमाल एयरपोर्ट पर अधिकारी यह जांचने के लिए करते हैं कि यात्रा करने वाला व्यक्ति कानूनी एजेंसियों की ओर से वांछित है या नहीं। लुक आउट सर्कुलर जिस व्यक्ति के खिलाफ जारी किया जाता है, वह देश से बाहर यात्रा नहीं कर सकता है। इसी के चलते ग्रोवर दंपत्ति को एयरपोर्ट पर रोका गया।


यह भी पढ़ें- Tata Tech IPO से जुड़ी हर जानकारी और इससे जुड़ा जोखिम, 9 आसान बिंदुओं में समझें

दरअसल ग्रोवर दंपत्ति के खिलाफ EOW ने कुछ एफआईआर दर्ज किए हैं। इनमें अशनीर ग्रोवर, उनकी पत्नी माधुरी जैन और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों पर पैसों की हेराफेरी, गबन और भारतपे का संचालन करने वाली कंपनी रेजिलिएंट इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड को 81 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

अशनीर ग्रोवर ने एयरपोर्ट पर रोके जाने की बताई सच्चाई

इस बीच अशनीर ग्रोवर ने खुद एक ट्वीट कर इस मामले में पूरी स्थित साफ की। अशनीर ने बताया, "मई में FIR लिखे के बाद से आज सुबह 8 बजे (एयरपोर्ट से लौटने के 7 घंटे बाद) तक मुझे EWO से कोई नोटिस या समन नहीं मिला था। मैं 16 से 23 नवंबर के लिए अमेरिका जा रहा था। इमिग्रेशन पर अधिकारियों ने कहा कि LOC (लुक आउट सर्कुलर) लगा हुआ है सर। EWO से चेक कर के बताते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मुझे यह अजीब लगा क्योंकि मई में FIR दर्ज होने के बाद से अबक मैं 4 बार इंटरनेशनल यात्रा कर चुका हूं। कभी कोई समस्या नहीं हुई और मुझे एक बार भी बुलाया नहीं गया। इस बीच वैसे भी हमारी फ्लाइट छूट गई। फिर EWO के लोगों ने इमिग्रेशन को निर्देश दिया कि हमें बाहर जाने दिया जाए ताकि हम घर लौट सकें। आज सुबह EOW का समन घर पर आया। मैं हमेशा की तरह जांच में सहयोग करूंगा।"

शार्क टैंक इंडिया के पूर्व जज ने कहा, "इसमें कोई नाटक नहीं है। LOC को हटाने की एक प्रक्रिया है। मैं फ्लाइट रिस्क में नहीं हूं और यह साबित करना आसान है। बाकी आपको जो छापना है छापो। पिक्चर चल रही है फ्री में - मजे लो!"

अशनीर ग्रोवर के ट्वीट को आप नीचे देख सकते हैं-

क्या है पूरा मामला?

भारतपे (BharatPe) ने पिछले साल 17 गड़बड़ियों के सिलसिले में आर्थिक अपराध शाखा के पास शिकायत दर्ज की थी, जिसमें गबन, फर्जवाड़ा और धोखाधड़ी जैसे आरोप शामिल थे। अगर ग्रोवर दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें 10 साल की सजा हो सकती है। भारतपे की तरफ से दर्ज मामले के मुताबिक, ग्रोवर की पत्नी माधुरी जैन ने 8 ऐसे वेंडरों को 7.6 करोड़ के पेमेंट्स की अनुमति दी, जिन्होंने कंपनी में किसी भी एंप्लॉयी की भर्ती में कोई मदद नहीं की थी।

कंपनी का दावा है कि जैन और उनके परिवार के सदस्यों ने न सिर्फ ऐसे फर्जी लेन-देन को बढ़ावा दिया, बल्कि इन 8 वेंडरों के जैन परिवार के साथ करीबी संबंध भी थे। फिनटेक यूनिकॉर्न कंपनी ने अशनीर ग्रोवर, उनकी पत्नी माधुरी जैन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दीवानी मुकदमा भी दायर किया है, जिसमें फंडों की कथित हेराफेरी के लिए 88 करोड़ के मुआवजे की मांग की गई है। गौरतलब है कि इन विवादों के बाद ग्रोवर ने कंपनी के एमडी पद से इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनकी पत्नी माधुरी जैन को फंडों की हेराफेरी मामले में कंपनी से हटा दिया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।