Tata Tech IPO से जुड़ी हर जानकारी और इससे जुड़ा जोखिम, 9 आसान बिंदुओं में समझें

Tata Technologies IPO: टाटा टेक्नोलॉजी का आईपीओ आगामी 22 नवंबर को खुलेगा। करीब 20 सालों बाद टाटा ग्रुप की किसी कंपनी का IPO आ रहा है। निवेशक लंबे समय से इस IPO के इंतजार में थे। हमने टाटा टेक के पूरे IPO को बेहद आसान बिंदुओं में इस आर्टिकल में समझाया है, ताकि आपको इसमें निवेश से जुड़ा फैसला लेने में आसानी हो-

अपडेटेड Nov 16, 2023 पर 9:01 PM
Story continues below Advertisement
Tata Tech IPO: करीब 60.85 लाख शेयर टाटा मोटर्स के शेयरधारकों के लिए आरक्षित हैं

Tata Technologies IPO: टाटा टेक्नोलॉजी का आईपीओ खुलने में अब बस कुछ दिन बाकी हैं। इसके साथ ही करीब 20 सालों बाद टाटा ग्रुप (Tata Group) की एक नई कंपनी शेयर बाजार में आएगी। टाटा ग्रुप को भरोसे का प्रतीक माना जाता हैं। कई दशकों से यह ग्रुप अपनी तमाम कंपनियों के जरिए निवेशकों को लगातार अच्छे रिटर्न दे रहा हैं। यही कारण है निवेशक टाटा टेक्नोलॉजीज के IPO को लेकर जोश में दिखाई दे रहे हैं। हमने टाटा टेक के पूरे IPO को बेहद आसान बिंदुओं में इस आर्टिकल में समझाया है, ताकि आपको इसमें निवेश से जुड़ा फैसला लेने में आसानी हो।

1. IPO की तारीख

टाटा टेक का आईपीओ 22 नवंबर को खुलेगा और इसमें आपको 24 नवंबर तक निवेश करने का मौका मिलेगा। अब आते हैं प्राइस बैंड पर।

2. प्राइस बैंड और वैल्यूएशन


टाटा टेक के एक शेयर का भाव 475 से 500 रुपये के दायरे में होगा। अधिकतर सफल IPO में ऊपरी भाव पर ही शेयर आवंटित होता हैं, इसलिए आप इसका 500 रुपये प्रति शेयर मान सकते हैं। इस भाव पर पूरी कंपनी की वैल्यूएशन 20,283 करोड़ रुपये आती है।

3. IPO का साइज

टाटा टेक का पूरा आईपीओ करीब 3,042.51 करोड़ रुपये का है। यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है। ऑफर-फॉर-सेल में होता यह है कि कंपनी कोई नए शेयर नहीं जारी करती है। बल्कि इसके मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बिक्री के लिए रखते हैं। जाहिर सी बात है कि जब शेयरधारक शेयर बेचेगें, तो उससे मिलने वाला पैसा भी वहीं रखेंगे। कंपनी को IPO से पैसा तब मिलता है, जब वह कोई नए शेयर बेचे। लेकिन इस आईपीओ में टाटा टेक कोई नए शेयर नहीं बेच रही हैं।

यह भी पढ़ें- Gandhar Oil Refinery India IPO : 22 नवंबर को खुलेगा इश्यू, जानिए क्या है कंपनी का प्लान

4. टाटा मोटर्स को IPO से मिलेंगे ₹2,314 करोड़

ऑफर-फॉर-सेल में टाटा टेक की प्रमोटर टाटा मोटर्स अपने 4.62 करोड़ शेयर बेचेगी, जिसकी वैल्यू करीब 2,314 करोड़ रुपये है। यानी कि टाटा मोटर्स को इस आईपीओ से 2,314 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके अलावा कंपनी के कुछ निवेशक जैसे- अल्फा टीसी होल्डिंग 486 करोड़ रुपये के शेयर बेचेगी। वहीं टाटा कैपिटल ग्रोथ करीब 243 करोड़ रुपये के शेयर बेचेगी।

5. टाटा मोटर्स के शेयरधारों के लिए स्पेशल कोटा

टाटा मोटर्स के शेयरधारकों के लिए यहां एक और जरूरी खबर है। टाटा टेक ने अपने आईपीओ में करीब 60.85 लाख शेयर टाटा मोटर्स के शेयरधारकों के लिए आरक्षित रखा है। इसका मतलब है कि अगर आपके पास टाटा मोटर्स के शेयर हैं, तो आप इसमें कोटे में भी आईपीओ के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए 20.28 लाख शेयर आरक्षित रखा है। वहीं एंकर निवेशकों के लिए यह आईपीओ एक दिन पहले 21 नवंबर को खोला जाएगा।

6. टाटा टेक के IPO का लॉट साइज

आईपीओ के बारे में आप जानते होंगे कि लॉट के हिसाब से बोली लगाई जाती है। टाटा टेक के एक लॉट में 30 शेयर होंगे। यानी आपको कम से कम से 30 शेयर के लिए बोली लगानी होगी। एक शेयर का अधिकतम भाव 500 रुपये है। यानी आपको एक लॉट की बोली लगाने के लिए कम से कम 15,000 रुपये निवेश करने होंगे।

7. कंपनी की वित्तीय सेहत

Tata Tech का वित्तीय प्रदर्शन काफी अच्छा है। वित्त वर्ष 2023 में इसका मुनाफा 42.8 फीसदी बढ़कर 624 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका रेवेन्यू 25 बढ़कर 4,414.2 करोड़ रुपये है। इस वित्त वर्ष की पहली छमाही तक, यानी सितंबर महीने तक कंपनी का मुनाफा 36% बढ़कर 351.9 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसका रेवेन्यू 34% बढ़कर 2,526.7 करोड़ रुपये रहा।

8. IPO से जुड़े जोखिम

हालांकि इतनी सारी अच्छी बातों के बावजूद टाटा टेक के IPO को लेकर कुछ जोखिम भी हैं, जिन्हें जानना आपके लिए जरूरी है।

-पहला जोखिम यह है कि टाटा टेक की 40% कमाई अपने ही ग्रुप की दो कंपनियों टाटा मोटर्स और जगुआर लैंड रोवर से आती है। एक ही जगह से अधिकतर रेवेन्यू आने का नुकसान यह है कि अगर इन कंपनियों को किसी मुश्किलों का सामना करना पड़ा तो, उसके टाटा टेक का प्रदर्शन भी बिगड़ जाएगा।

- दूसरा जोखिम यह है कि इसका अधिकतर रेवेन्यू अभी सिर्फ ऑटोमोबाइल सेगमेंट की कंपनियों से आता है। यह कंपनी बाकी सेगमेंट में अभी अपने रेवेन्यू को डायवर्सिफाई नहीं कर पाई है।

- तीसरा जोखिम यह है कि पूर्व में कंपनी कैश फ्लो नेगेटिव रहा था और भविष्य में इसका कैश फ्लो नेगेटिव हो सकता है, जिसका लिक्विडिटी और कारोबार पर विपरीत असर डाल सकता है।

9. IPO की लिस्टिंग

अंत में आते हैं कंपनी की लिस्टिंग डेट पर। टाटा टेक्नोलॉजी का IPO आगामी 5 दिसंबर को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगा। देखना होगा कि निवेशक इस IPO को कितना हाथोंहाथ लेते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।