जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने IPO का फाइनल इश्यू प्राइस 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह IPO में बोली लगाने के लिए तय किए गए प्राइस बैंड का ऊपरी स्तर है। प्राइस बैंड 1065-1119 रुपये प्रति शेयर था। 30,213 करोड़ रुपये का यह IPO 22.19 गुना के तगड़े सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हो चुका है। इस इश्यू में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 70.55 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 14 गुना, रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.72 गुना, एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व हिस्सा 2.93 गुना और शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 7.60 गुना भरा।
अब 26 अक्टूबर को अलॉटमेंट फाइनल होने का इंतजार है। इसके बाद शेयरों की लिस्टिंग NSE और BSE पर 28 अक्टूबर को हो सकती है। वैल्यूएशन लगभग 10.3 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO साइज के मामले में देश का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू है। यह खुलने के 100 मिनट के अंदर ही फुली सब्सक्राइब हो गया था।
एंकर इनवेस्टर्स से जुटाए 8110 करोड़ रुपये
IPO में 27 करोड़ नए शेयर जारी हुए। इश्यू की ओपनिंग से पहले कंपनी ने एंकर बुक में 212 एंकर निवेशकों से 8,109.85 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस ऑफर के लिए संस्थागत निवेशकों की मांग 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक रही, जो एंकर बुक में उपलब्ध शेयरों की कुल कीमत से 30 गुना से भी ज्यादा है।
जियो प्लेटफॉर्म्स के कारोबार में टेलिकॉम, डिजिटल सर्विसेज, उद्यम समाधान और उभरते टेक्नोलॉजी इनीशिएटिव शामिल हैं। इसकी टेलिकॉम यूनिट रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड (आरजेआईएल) देश में सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनियों में से एक है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का रेवेन्यू 14.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1.47 लाख करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 15.1 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 30,000 करोड़ रुपये रहा। EBITDA 18.8 प्रतिशत बढ़कर 76,255 करोड़ रुपये हो गया।
investorgain.com के मुताबिक, ग्रे मार्केट में जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 22.25 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि लिस्टिंग अच्छी रह सकती है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं। इसके संकेत कंपनी की लिस्टिंग के दिन सच ही होंगे, ऐसा जरूरी नहीं है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।