उत्तर प्रदेश पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने माफिया एवं दिवंगत पूर्व सांसद अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के मेरठ निवासी एक रिश्तेदार कमर अहमद काजमी (Qamar Ahmed Kazmi) को फर्जी कंपनियां बनाकर फर्जी ई-वे बिल के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक GST चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। STF के SP बृजेश सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी के मामले में मेरठ निवासी कारोबारी कमर अहमद काजमी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। मेरठ विकास प्राधिकरण का पूर्व जन सम्पर्क अधिकारी काजमी माफिया अतीक अहमद का रिश्तेदार है।
सिंह ने बताया कि लखनऊ और मेरठ STF की ज्वाइंट टीम ने यह कार्रवाई की है। कमर अहमद काजमी पर फर्जी ई-वे बिल बनाकर 100 करोड़ रुपये से अधिक GST चोरी करने का आरोप है। STF पता कर रही है कि क्या काजमी को विदेशों से भी कोई अनुदान मिला या वह देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहा है? होटल 'ब्रॉडवे इन' सहित कई बड़ी कंपनियों के मालिक तथा पार्टनर कमर अहमद काजमी और उसके साथियों पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी पैन कार्ड और दूसरे दस्तावेजों के सहारे जाली ई-वे बिल, GST बिल तैयार किए और सरकार को अरबों रुपयों का चूना लगाया।
बृजेश सिंह ने बताया कि काजमी के पास से एक मोबाइल फोन, मर्सिडीज कार और कुछ नकदी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि काजमी को गिरफ्तार कर पूछताछ करने पर पता चला कि उसकी फर्म पैरागॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड, (रुड़की, हरिद्वार), माइक्रो ग्लास इंडस्ट्री (गुरुग्राम), गुडएक्स ग्लास (मेरठ) हैं। मेरठ में उसका होटल 'ब्रॉडवे-इन' है, जिसमें दिल्ली निवासी एक व्यक्ति उसका साझीदार है।
अतीक के बहनोई का भी है करीबी
पूछताछ में काजमी ने बताया कि उन लोगों ने अपने निजी लाभ के लिए बोगस फर्मों से आपूर्ति अपनी फर्मों में दिखाई। लेकिन वास्तव में आपूर्ति न होकर केवल फर्जी बिलों का आदान-प्रदान किया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ में काजमी ने बताया कि वह माफिया अतीक अहमद के बहनोई डॉ अखलाक का भी रिश्तेदार है जो फिलहाल जेल में बंद है।
काजमी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कराई गई है। बता दें कि 15 अप्रैल, 2023 को प्रयागराज के काल्विन अस्पताल के बाहर पुलिस की मौजूदगी में माफिया तथा पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके भाई, पूर्व विधायक अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया था।