Get App

Bangladesh Crisis: सदमे में हैं शेख हसीना, भविष्य की रणनीति तय करने के लिए भारत ने दिया समय

Bangladesh Crisis: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को एक सर्वदलीय बैठक में नेताओं को सूचित किया कि भारत ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मदद का भरोसा दिलाते हुए उन्हें भविष्य की रणनीति तय करने के लिए समय दिया है

Curated By: Akhileshअपडेटेड Aug 06, 2024 पर 1:57 PM
Bangladesh Crisis: सदमे में हैं शेख हसीना, भविष्य की रणनीति तय करने के लिए भारत ने दिया समय
Bangladesh Crisis: सर्वदलीय बैठक में जयशंकर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना सदमे में हैं

Bangladesh Crisis: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार (6 अगस्त) को कहा कि शेख हसीना की भारत में मौजूदगी एक शिष्टाचारपूर्ण कदम है, जबकि केंद्र सरकार बांग्लादेश में स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि इसके दीर्घकालिक प्रभाव का आकलन कर रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को एक सर्वदलीय बैठक में नेताओं को सूचित किया कि भारत ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मदद का भरोसा दिलाते हुए उन्हें भविष्य की रणनीति तय करने के लिए समय दिया है। इस बीच, भारत सरकार बांग्लादेशी सेना के संपर्क में भी है।

सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि सर्वदलीय बैठक में जयशंकर ने कहा कि हसीना को भारत आए 24 घंटे भी नहीं बीते हैं और वह सदमे में हैं। सूत्रों के मुताबिक, जयशंकर ने कहा कि सरकार हसीना को सदमे से उबरने के लिए समय दे रही है। इसके बाद वह उनकी भविष्य की योजनाओं सहित अन्य मुद्दों पर उनसे बात करेगी।

राहुल गांधी समेत विपक्ष ने सहयोग का दिया आश्वासन

सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत विभिन्न विपक्षी नेताओं ने इस मुद्दे पर सरकार को अपना पूरा सहयोग देने की बात कही। वाईएसआर कांग्रेस नेता वी विजयसाई रेड्डी ने कहा कि उनकी पार्टी देश हित में सरकार का समर्थन करती है। बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री हसीना के अचानक इस्तीफा देने और देश छोड़कर जाने से वहां अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। हसीना सोमवार रात बांग्लादेशी वायुसेना के AC-130 जे सैन्य विमान से भारत पहुंचीं। बताया जा रहा है कि उनकी लंदन जाने की योजना है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें