हरियाणा पुलिस (Haryana Police) ने मंगलवार को हरियाणा के भिवानी जिले में दो मुस्लिम पुरुषों की हत्या के मामले में राजस्थान के 30 से 40 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की। हरियाणा के नूंह जिले में दर्ज FIR में आरोप लगाया गया है कि राजस्थान पुलिस (Rajasthan Police) की वर्दी और सादी पोशाक पहने 30 से 40 लोग शिकायतकर्ता दुलारी के घर में घुस आए और घर की महिलाओं के साथ मारपीट की। महिला ने ये भी आरोप लगाया है कि पुलिस वाले उसके दोनों बेटों को भी उठा ले गए। उसने दावा किया है कि कथित राजस्थान पुलिस कर्मियों के हमले के कारण उसकी बहू का गर्भपात हो गया और वह एक अस्पताल में गंभीर स्थिति में है।
PTI के मुताबिक, नूंह के SP वरुण सिंगला ने बताया, “हमने मरे हुए बच्चे के शरीर को बाहर निकाला था, जिसका पोस्टमॉर्टम सोमवार को डॉक्टरों के एक बोर्ड ने किया था। फाइनल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दुलारी देवी की शिकायत के बाद राजस्थान पुलिस के अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।"
दुलारी देवी आरोपी श्रीकांत पंडित की मां है और बच्चा खोने वाली महिला उसकी पत्नी है। वह बजरंग दल से जुड़े उन पांच लोगों में शामिल है, जिन पर शुरू में राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले दो लोगों का कथित रूप से अपहरण करने और उनकी हत्या करने का मामला दर्ज किया गया था। इन दोनों के जले हुए शव गुरुवार को हरियाणा के भिवानी के लोहारू में मिले थे।
राजस्थान के भरतपुर जिले के घाटमीका गांव के रहने वाले नासिर और जुनैद नाम के दो लोगों का 15 फरवरी को गो रक्षकों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया था।
उनके शव अगले दिन हरियाणा के भिवानी के लोहारू में एक जली हुई बोलेरो कार में मिले थे। पुलिस को दी अपनी शिकायत में मृतक के परिजनों ने बजरंग दल से जुड़े पांच लोगों के नाम लिए थे।
इस बीच बजरंग दल के सदस्य और मामले में आरोपी मोनू मानेसर के समर्थन में मंगलवार को 'हिंदू महापंचायत' की गई। महापंचायत का आयोजन आसपास के इलाकों के स्थानीय ग्रामीणों ने किया। मानेसर में 'हिंदू महापंचायत' के चलते दिनभर ट्रैफिक जाम रहा।
मोहित यादव उर्फ मोनू मानेसर, इन दो लोगों की हत्या के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा है। मोनू पिछले पांच सालों के दौरान हरियाणा में गाय सतर्कता का एक प्रमुख चेहरा बन गया, जो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहता है।
30 साल के मोनू ने एक वीडियो मैसेज जारी कर, इस पूरे मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों से से इनकार किया और दावा किया कि घटना के समय वह एक होटल में था। उसने होटल के CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर शेयर किए।