BRICS Summit: ब्रिक्स समिट में PM मोदी और शी जिनपिंग की होगी मुलाकात? भारत ने दिया ये जवाब

BRICS Summit 2023: विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने सोमवार को कहा कि दक्षिण अफ्रीका के जोहान्‍सबर्ग में ब्रिक्स शिखर बैठक से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय बैठकों के कार्यक्रमों को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच बैठक की संभावना के बारे में पूछे गए सवालों का हालांकि कोई सीधा जवाब नहीं दिया

अपडेटेड Aug 22, 2023 पर 6:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BRICS Summit: ब्रिक्स पांच विकासशील देशों का ग्रुप है जो विश्व की 41% आबादी का प्रतिनिधित्व करता है

BRICS Summit 2023: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लि जोहान्सबर्ग पहुंचे। वहां पर साउथ अफ्रीका के उपराष्ट्रपति ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी मंगलवार की रात साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा के साथ रात्रि भोज में हिस्सा लेंगे।

विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने सोमवार को कहा कि दक्षिण अफ्रीका के जोहान्‍सबर्ग में ब्रिक्स शिखर बैठक से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय बैठकों के कार्यक्रमों को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच बैठक की संभावना के बारे में पूछे गए सवालों का हालांकि कोई सीधा जवाब नहीं दिया। यह पूछे जाने पर कि क्या पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच ब्रिक्स शिखर बैठक से इतर चर्चा होगी? इस पर विदेश सचिव क्वात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय बैठकों को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जोहानिसबर्ग में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले भारत ने सोमवार को कहा कि पांच देशों के इस समूह के विस्तार को लेकर उसका खुला मन और मंशा सकारात्मक है। प्रधानमंत्री मोदी दक्षिण अफ्रीका के शहर में 22 से 24 अगस्त तक आयोजित होने वाले 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत से रवाना हो चुके हैं। उनकी यह यात्रा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति साइरिल रामफोसा के निमंत्रण पर होगी।


यह 2019 के बाद ब्रिक्स (ब्राजील-रूस-भारत-चीन-दक्षिण अफ्रीका) नेताओं की पहली भौतिक उपस्थिति में होने वाली बैठक (इन पर्सन समिट) होगी। हालांकि, रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने पहले ही शिखर बैठक में हिस्सा लेने के लिए जोहानिसबर्ग नहीं जाने की घोषणा की है।

क्या है ब्रिक्स?

ब्रिक्स पांच विकासशील देशों का ग्रुप है जो विश्व की 41 प्रतिशत आबादी, 24 प्रतिशत वैश्विक GDP और 16 प्रतिशत वैश्विक कारोबार का प्रतिनिधित्व करता है। जोहानिसबर्ग के बाद पीएम मोदी यूनान जाएंगे जहां वह मेजबान प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस के साथ दोनों देशों के सम्पूर्ण आयामों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 'ब्रिक्स-अफ्रीका पहुंच और ब्रिक्स प्लस वार्ता' विषय पर विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

ब्रिक्स के विस्तार के संबंध में क्वात्रा ने कहा, "जब ब्रिक्स विस्तार की बात आती है तो हमारा इरादा सकारात्मक और मन खुला होता है।" ब्रिक्स का विस्तार शिखर बैठक का एक महत्वपूर्ण एजेंडा है। करीब 23 देशों ने समूह की सदस्यता के लिए आवेदन किया है। क्वात्रा ने कहा कि ब्रिक्स में नये सदस्यों को शामिल करने की रूपरेखा के बारे में इसके शेरपा के बीच चर्चा हो रही है।

ये भी पढ़ें- BRICS Summit 2023: दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले ब्रिक्स सम्मेलन पर क्या बोले पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी 25 अगस्त को एथेंस जाएंगे। उनकी इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सितंबर 1983 की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी की ग्रीस यात्रा होने जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।