केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बागडगोरा और बिहार के बिहटा में 2,962 करोड़ रुपए की कुल लागत वाले एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी। कैबिनेट के फैसलों के बारे में एक ब्रीफिंग में, सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बागडगोरा एयरपोर्ट पर 1,549 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से एक नए सिविल एन्क्लेव को मंजूरी दी गई है।
इस प्रोजेक्ट में A-321-टाइप के विमानों के लिए उपयुक्त 10 पार्किंग बे को समायोजित करने में सक्षम एप्रन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा, कैबिनेट ने बिहार के बिहटा में एक नए सिविल एन्क्लेव के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। इसकी लागत 1,413 करोड़ रुपए आंकी गई है।
सरकार के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में A-321/B-737-800/A-320 टाइप के विमानों के लिए उपयुक्त 10 पार्किंग बे को समायोजित करने में सक्षम एप्रन का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा कैबिनेट ने पुणे मेट्रो फेज-1 प्रोजेक्ट के स्वारगेट से कटराज तक दक्षिण की ओर 5.46 किलोमीटर विस्तार को मंजूरी दे दी। परियोजना की कुल लागत ₹2,954.53 करोड़ है और इसे 2029 तक चालू किया जाना है।
वहीं कैबिनेट ने 12,200 करोड़ रुपए की कुल लागत वाली ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल परियोजना को मंजूरी दी। ये नौपाड़ा, वागले एस्टेट, डोंगरीपाड़ा, हीरानंदानी एस्टेट, कोलशेत, साकेत आदि प्रमुख इलाकों को जोड़ने का प्रोजेक्ट है।
कैबिनेट ने बेंगलुरु मेट्रो रेल प्रोजेक्ट फेज-3 के 2 कॉरिडोर को भी मंजूरी दे दी है। इसमें कॉरिडोर-1 जेपी नगर 4th फेज से केम्पापुरा तक 21 स्टेशनों के साथ है। जबकि दूसरा 9 स्टेशनों के साथ होसाहल्ली से कदबागेरे तक कॉरिडोर-2 होगा।