Chandra Grahan 2022: भारत में 8 नवंबर को लगेगा साल का आखिरी चंद्र ग्रहण, जानें कब, कहां और कैसे देख सकेंगे

Chandra Grahan 2022: मंगलवार को लगने वाला साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा। देश में ये चंद्र ग्रहण सबसे पहले अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में दिखाई देगा

अपडेटेड Nov 07, 2022 पर 11:59 AM
Story continues below Advertisement
Chandra Grahan 2022: देश में इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण आठ नवंबर लगने वाला है

Lunar Eclipse 2022: सूर्य ग्रहण (Solar Eclipse) के बाद अब भारत में कल यानी मंगलवार 8 नवंबर को चंद्र ग्रहण (Lunar Eclipse) भी लगने वाला है। मंगलवार को लगने वाला साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा। देश में ये चंद्र ग्रहण सबसे पहले अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में दिखाई देगा। ये चंद्र ग्रहण भारत (India) में दृश्यमान होगा, इसलिए यहां सूतक काल के नियम भी लागू होंगे। जैसे दिवाली पर सूर्य ग्रहण लगा था, वैसे ही अब देव दिवाली (Dev Deepawali) पर चंद्र ग्रहण लगने वाला है।

जानें, सभी डिटेल्स

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि चंद्रोदय के समय ग्रहण भारत के सभी स्थानों से दिखाई देगा। मंत्रालय के बयान के अनुसार, ग्रहण की आंशिक एवं पूर्णावस्था की शुरुआती स्थिति भारत के किसी भी स्थान से दिखाई नहीं देगा। दरअसल, यह घटना भारत में चंद्रोदय के पहले ही शुरू हो चुकी होगी। बयान में कहा गया है कि चंद्र ग्रहण की पूर्णावस्था एवं आंशिक अवस्था दोनों ही का अंत देश के पूर्वी हिस्सों से दिखाई देगा। देश के बाकी हिस्सों से आंशिक अवस्था का केवल अंत ही दिखाई देगा।


कहां और कब दिखाई देगा चंद्र ग्रहण?

चंद्र ग्रहण दक्षिण अमेरिका, उत्तर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, उत्तर अटलांटिक महासागर तथा प्रशांत महासागर के क्षेत्रों में दिखाई देगा। देश के पूर्वी भाग में कोलकाता एवं गुवाहाटी जैसे शहरों में चंद्रोदय के समय ग्रहण की पूर्णावस्था चल रही होगी।

कोलकाता में चंद्रोदय के समय से लेकर पूर्णावस्था के अंत तक की अवधि 20 मिनट की होगी तथा चंद्रोदय के समय से लेकर ग्रहण की आंशिक अवस्था के अंत तक की अवधि 1 घंटा 27 मिनट की होगी। गुवाहाटी में चंद्रोदय के समय से लेकर पूर्णावस्था के अंत तक की अवधि 38 मिनट की होगी।

ये भी पढ़ें- EWS Quota: देश में जारी रहेगा EWS आरक्षण, 10 फीसदी रिजर्वेशन पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई मुहर

दिल्ली, मुंबई, चेन्नई एवं बेंगलुरू में ग्रहण की पूर्णावस्था के अंत के उपरांत चंद्रोदय होगा एवं उस समय आंशिक ग्रहण चल रहा होगा। इन शहरों में चंद्रोदय के समय से लेकर ग्रहण की आंशिक अवस्था के अंत तक की अवधि क्रमश: 50 मिनट, 18 मिनट, 40 मिनट एवं 29 मिनट तक की होगी। भारत में अगला चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर 2023 को लगेगा, जो कि आंशिक चंद्र ग्रहण होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।