Cold Wave: पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड, दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में छाया घना कोहरा

Cold Wave: पारा के कई डिग्री गिरने के कारण कड़ाके की ठंड ने उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के हिस्सों को अपने आगोश में ले लिया है। इस क्षेत्र के शहरों और कस्बों में सोमवार सुबह अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया

अपडेटेड Dec 26, 2022 पर 1:18 PM
Cold Wave: सोमवार सुबह दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा

Cold Wave: पारा के कई डिग्री गिरने के कारण कड़ाके की ठंड ने उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के हिस्सों को अपने आगोश में ले लिया है। इस क्षेत्र के शहरों और कस्बों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, राज धानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को कड़ाके की ठंड रही और घना कोहरा छाया रहा। दोनों राज्यों में नारनौल सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 7.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्य की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनत तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में छह डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 8.8 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 3.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


दिल्ली में शीतलहर और कोहरे का कहर

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सोमवार को शीतलहर चली और घने कोहरे के कारण शहर के कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर पर पहुंच गई। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि 10 ट्रेनें डेढ़ घंटे से साढ़े चार घंटे की देरी से चल रही हैं। IMD के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Weather Updates: शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, दिल्ली में लुढ़का पारा, IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली में रविवार को एक ‘ठंडा दिन’ दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, एक ‘ठंडा दिन’ तब माना जाता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जाए। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अभी तक का सबसे कम तापमान था।

कई हिस्सों में छाया रहा घना कोहरा

रिज क्षेत्र में तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री कम, तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राष्ट्रीय राजधानी का सबसे ठंडा इलाका रहा। रिज और आयानगर मौसम केंद्रों में सोमवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री सेल्सियस और 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में सोमवार को घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा।

पंजाब के बठिंडा और राजस्थान के बीकानेर में विजिबिलिटी शून्य रही, जबकि अंबाला, हिसार, अमृतसर, पटियाला, गंगानगर, चूरू और बरेली में दृश्यता घटकर 50 मीटर और उससे नीचे पहुंच गई। IMD के अनुसार, इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा। IMD के अनुसार, विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर के बीच रहने पर ‘बेहद घना कोहरा’, 51 मीटर से 200 मीटर के बीच ‘घना कोहरा’, 201 मीटर से 500 मीटर के बीच ‘मध्यम कोहरा’ और 501 से 1,000 मीटर के बीच रहने पर ‘हल्का कोहरा’ माना जाता है।

IMD के अनुसार, न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर शीत लहर की घोषणा की जाती है। शीतलहर की घोषणा तब भी की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो। न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस रहने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने पर ‘‘भीषण’’ शीतलहर की घोषणा की जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।