Cold Wave: दिल्ली में ठंड का सितम जारी! न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज, राजस्थान में शून्य से नीचे पहुंचा पारा

Cold Wave in Delhi: दिल्ली के अलावा राजस्थान के चूरू में 0 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश में नौगांव में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कोहरे के कारण 36 ट्रेन एक से सात घंटे की देरी से चल रही हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है

अपडेटेड Jan 07, 2023 पर 4:56 PM
Cold Wave in Delhi: दिल्ली में शनिवार को मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

Cold Wave in North India: दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड (Cold Wave) का कहर जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने बताया कि यह औसत से पांच डिग्री कम है और इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। दिल्ली रिज (Delhi Ridge) क्षेत्र में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिल्ली के अलावा राजस्थान के चूरू में 0 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश में नौगांव में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

भारतीय रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि कोहरे के कारण 36 ट्रेन एक से सात घंटे की देरी से चल रही हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 4-5 दिनों इन राज्यों में तक ऐसी ही स्थिति रहेगी।

घने कोहरे के कारण पालम में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास पालम वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे विजिबिलिटी 25 मीटर थी।


IMD के अनुसार, विजिबिलिटी जब शून्य और 50 मीटर के बीच रह जाती है तो उस समय ‘बहुत घना’ कोहरा होता है। वहीं, 51 और 200 मीटर के बीच विजिबिलिटी की स्थिति में ‘घना’, 201 और 500 मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 तथा 1,000 मीटर के बीच विजिबिलिटी की स्थिति में ‘हल्का’ कोहरा होता है।

दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। लोधी रोड, आयानगर और रिज मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: दो डिग्री सेल्सियस, 3.4 डिग्री और 1.5 डिग्री दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें- Ganga Vilas Ticket price: दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज 'गंगा विलास' का कितना है किराया? रेस्तरां, जिम-स्पा जैसी सुविधाओं से है लैस

मौसम विभाग ने दिन में मुख्यत: आसमान साफ रहने, मध्यम से घने कोहरे और दिन में ठंड की स्थिति का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।