Cyclone Biparjoy: विकराल रूप ले रहा चक्रवाती तूफान बिपरजोय, इन राज्यों पर मंडराया खतरा, मॉनसून पर भी डालेगा असर

Cyclone Biparjoy: IMD ने गुरुवार को बताया कि पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजोय 8 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे गोवा से लगभग 860 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम, मुंबई से 910 किमी दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। यह और तेज होगा और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। अरब सागर में उठने वाले चक्रवाती तूफान का नाम बिपरजोय रखा गया है

अपडेटेड Jun 08, 2023 पर 10:36 AM
Cyclone Biparjoy: चक्रवाती तूफान पिछले कुछ घंटों में 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर की तरफ को बढ़ रहा है

अरब सागर पर बने चक्रवाती तूफान बिपरजोय (Cyclone Biparjoy) को लेकर तटीय राज्यों की सरकारें हाईअलर्ट पर हैं। बिपरजोय 24 घंटे के दौरान अति भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ घंटों के भीतर बिपरजोय पूर्व मध्य और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। यह कुछ समय के लिए उत्तर दिशा में आगे बढ़ना जारी रखेगा और फिर उत्तर उत्तर पश्चिम की दिशा में मुड़ जाएगा। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र के किनारे नहीं जाने की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफान पिछले कुछ घंटों में 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर की तरफ को बढ़ रहा है। आने वाले कुछ समय में गंभीर तूफान का रूप धारण कर सकता है। IMD ने गुरुवार को बताया कि पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजोय 8 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे गोवा से लगभग 860 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम, मुंबई से 910 किमी दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। यह और तेज होगा और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा।

अरब सागर में उठने वाले चक्रवाती तूफान का नाम बिपरजोय रखा गया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस चक्रवात का नाम बांग्लादेश ने रखा है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने 2020 में इस नाम को स्वीकार किया था। बिपरजोय का हिंदी में अर्थ आपदा है।


ऊंची लहरें उठने की आशंका

बिपरजोय का असर केरल, कर्नाटक, गुजरात और मुंबई के तटों और लक्षद्वीप-मालदीव के इलाकों में देखने को मिलने वाला है। कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र तट पर 8 से 10 जून तक समुद्र में बहुत ऊंची लहरें उठने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि इसकी वजह से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पर भी असर पड़ेगा।

मौसम विभाग ने कहा है को मॉनसून के लिए केरल में परिस्थियां पूरी तरह से अनुकूल हैं और ये एक-दो दिन में दस्तक दे देगा। हालांकि, चक्रवात की वजह से इसपर प्रभाव पड़ेगा। IMD ने मुंबई, गोवा, कर्नाटक-केरल और गुजरात में तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। IMD ने लक्षद्वीप, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में अगले पांच दिनों के दौरान भयंकर और तेज हवाएं चलने की आशंका व्यक्त किया है।

बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, 9 से 11 जून के दौरान लक्षद्वीप, कर्नाटक में 10 और 11 जून को भारी बारिश की आशंका है। IMD के मुताबिक, 9 जून को दौरान मणिपुर और मिजोरम में, जबकि 10 और 11 जून को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की आशंका है। अगले 5 दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में कोई महत्वपूर्ण मौसम की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने गुजरात में बिपरजोय को लेकर गुजरात में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान गुजरात के पोरबंदर से दक्षिण-पश्चिम में करीब 1,060 किलोमीटर दूर है। राज्य सरकार का कहना है कि वह किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मॉनसून पर असर

अरब सागर में धीरे-धीरे तेज हो रहे चक्रवाती तूफान का असर अब मॉनसून पर भी देखने को मिल रहा है। केरल में मॉनसून प्रवेश से पहले ही ठिठक गया है। अभी तक 8 दिनों की देर हो चुकी है। राजस्थान और गुजरात समेत देश के पश्चिमी भागों में आंधी-पानी के आसार हैं। जबकि उत्तरी-पूर्वी भाग के बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड समेत पांच राज्यों में अगले पांच दिनों तक लू चलने की आशंका है।

ये भी पढ़ें- RBI Monetary Policy: आपके लोन की EMI नहीं बढ़ेगी, RBI ने रेपो रेट में बदलाव नहीं किया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।