Cyclone Mocha: दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और इससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना हवा का कम दबाव का क्षेत्र बुधवार को एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने मंगलवार को कहा कि बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी के ऊपर 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार और 65 किमी प्रति घंटे के वेग से चलने वाली हवाओं के साथ कम दबाव वाला क्षेत्र मंगलवार की शाम एक चक्रवात में केंद्रित हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि चक्रवात 'मोका' का लैंडफॉल 14 मई को होगा। लैंडफॉल का एरिया बांग्लादेश-म्यांमार तटों के ऊपर रहेगा। IMD के अनुसार, इस सप्ताह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
