Cyclone Mocha Update: दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उसके नजदीक दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर सोमवार को कम दबाव का क्षेत्र बना रहा। इससे तूफान में तेजी आ सकती है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने चक्रवाती तूफान के तेज होने की पुष्टि की है। उन्होंने एक बयान में कहा कि कम दबाव का यह क्षेत्र यहां पर ही 9 मई को चक्रवात में बदल सकता है। बाद में दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बंगाल तथा अंडमान सागर के पूर्वी मध्य खाड़ी के इलाकों में 10 मई को चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
IMD प्रमुख ने कहा कि यह शुरू में 11 मई तक उत्तर-उत्तर पश्चिम से पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर तथा उसके बाद फिर उत्तर-उत्तर पूर्व दिशा में बांग्लादेश-म्यांमार तटों की ओर बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर में जो लोग हैं उन्हें सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह दी जाती है। वहीं मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर के लोगों को 9 मई से पहले लौटने की सलाह दी जाती है।
IMD ने 8 मई से 12 मई तक अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के पास पर्यटन, तटीय गतिविधियों पर नजर रखने का सुझाव दिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में मौसम विभाग के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मंगलवार से लेकर गुरुवार तक पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और ओडिशा के कुछ जिलों में बारिश होने की आशंका है।
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में शनिवार को चक्रवाती सर्कुलेशन की स्थिति बनने को मौसम वैज्ञानिक अगले सप्ताह क्षेत्र में चक्रवाती तूफान आने की आशंका तेज होने के रूप में देख रहे हैं। IMD ने रविवार से बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे एक चक्रवात को लेकर चेतावनी जारी की है। यह चक्रवात तूफान बनकर एक से दो दिन में देश के पूर्व तट से टकरा सकता है। इसके 9 मई को दबाव और चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। इस तूफान को 'मोचा (Mocha)' नाम दिया गया है।
9 मई से 12 मई तक बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मोचा के कारण 9 मई से 12 मई तक आंध्र प्रदेश, ओडिशा में मूसलाधार बारिश होगी। मौसम कार्यालय ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में रविवार से 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। मौसम कार्यालय ने कहा कि जो लोग बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में हैं, उन्हें 7 मई से पहले और जो लोग बंगाल की मध्य खाड़ी में हैं, उन्हें 9 मई से पहले सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह दी जाती है।
IMD ने 9 मई से 12 मई तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर "भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने 7 से 9 मई के बीच आंध्र प्रदेश और ओडिशा के जिलों के लिए 'रेन वॉच' अलर्ट भी जारी किया। मौसम कार्यालय का पूर्वानुमान है कि पूर्वी तट के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होगी।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है।
IMD के मुताबिक, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम, एएसआर, अनकापल्ली, एलुरु, उभया गोदावरी, एनटीआर, गुंटूर, कृष्णा, पालनाडू, प्रकाशम, नेल्लोर, तिरुपति, नंद्याला, चित्तूर, कडप्पा और अन्नामय्या के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है। ओडिशा के 18 जिलों के लिए चक्रवाती तूफान की चेतावनी जारी की गई है।