Wrestlers Protest: पहलवानों के प्रदर्शन में शामिल किसान हुए बेकाबू, जंतर-मंतर पर किसानों ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़े

Wrestlers Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के धरने का आज 16वां दिन है। इस बीच, पहलवानों के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पर पहुंचे सैकड़ों किसान सोमवार को बेकाबू हो गए। किसानों ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए। पहलवान यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर WFI प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं

अपडेटेड May 08, 2023 पर 2:26 PM
Wrestlers Protest: विशेष रूप से पंजाब से आए किसान नेताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने सरकार विरोधी नारे भी लगाए

Wrestlers Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के धरने (Wrestlers Protest News) का आज (8 मई) 16वां दिन है। इस बीच, पहलवानों के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पर पहुंचे सैकड़ों किसान सोमवार को बेकाबू हो गए। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे किसानों ने पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए। विशेष रूप से पंजाब से आए किसान नेताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने सरकार विरोधी नारे भी लगाए। पहलवान यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर WFI प्रमुख और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

एक दिन पहले रविवार को खापों और किसानों द्वारा पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर पर महापंचायत का आयोजित किया गया था। महापंचायत के माध्यम से किसानों ने दिल्ली पुलिस और सरकार को बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी के लिए 15 दिन का समय दिया है। किसानों के संगठन संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने शनिवार को घोषणा की थी कि वह पहलवानों के समर्थन में देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगा। SKM ने बृजभूषण शरण सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।

किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शनकारी खिलाड़िय़ों की बात सुनने की बजाय बृजभूषण को बचा रही है और उन्हें अब तक पद से नहीं हटाया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक खिलाड़ियों को इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक किसान एवं खापें उनके साथ डटी रहेंगी।


WFI प्रमुख ने कहा, 'गलती न करें'

बृजभूषण शरण सिंह ने एक दिन पहले किसान नेताओं से पहलवानों के विरोध का समर्थन करने की ‘गलती’ नहीं करने और इसके बजाय जांच के नतीजे का इंतजार करने का आग्रह किया था। कैसरगंज के बीजेपी सांसद सिंह ने फिर से दावा किया कि वह निर्दोष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने पहलवानों के लिए चयन प्रक्रिया में कई सुधार किए थे।

WFI प्रमुख ने शनिवार रात फेसबुक पर पोस्ट किए गए 25 मिनट के एक वीडियो में कहा कि चाचा-ताऊ, मैं यह नहीं कह रहा हूं कि आपको दिल्ली नहीं आना चाहिए। आप दिल्ली आ सकते हैं और जो चाहें कर सकते हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा कि मैंने पहले दिन से ही कहा था कि अगर मेरे खिलाफ आरोप साबित हुए तो मैं फांसी लगा लूंगा।

बता दें कि बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक सहित कई शीर्ष पहलवान 23 अप्रैल से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और एक नाबालिग सहित सात पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को एक नाबालिग सहित 7 महिला पहलवानों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर सिंह के खिलाफ दो FIR दर्ज की थीं।

ये भी पढ़ें- राजस्थान: हनुमानगढ़ में एयरफोर्स का MiG-21 क्रैश, घर पर फाइटर जेट गिरने से 3 महिलाओं की मौत, पायलट सुरक्षित

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।