राजस्थान के हनुमानगढ़ (Hanumangarh in Rajasthan) में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां भारतीय वायुसेना का मिग-21 (MiG-21) विमान क्रैश हो गया। घर पर फाइटर जेट गिरने से इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। हालांकि, विमान में सवार पायलट सुरक्षित है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान आज सुबह राजस्थान के हनुमानगढ़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान ने सूरतगढ़ से उड़ान भरी थी। मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस हादसे में तीन व्यक्ति घायल हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि वायुसेना का फाइटर जेट बहलोल नगर इलाके में एक घर पर गिर गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, मिग-21 ने सूरतगढ़ से उड़ान भरी थी। पायलट को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन वो सुरक्षित है। फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
हनुमानगढ़ के SDM अवि गर्ग ने बताया कि सूरतगढ़ एयरपोर्ट से मिग-21 विमान रवाना हुआ था, जो यहां बहलोलनगर में गिरा। विमान में एक पायलट था जो सुरक्षित है। विमान गिरने से 3 महिलाओं की मृत्यु हुई है और 3 लोग घायल हैं। तीनों मृतक अलग-अलग परिवार की हैं। तीनों परिवारों को राज्य सरकार की तरफ से 5-5 लाख रुपए दिए जाएंगे। इस हादसे में 2 मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
भारतीय वायुसेना ने एक बयान में कहा कि इंडियन एयरफोर्स का एक मिग-21 विमान नियमित ट्रेनिंग उड़ान के दौरान सूरतगढ़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गया। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच का गठन किया गया है।
बता दें कि इससे पहले जुलाई 2022 में राजस्थान के बाड़मेर के पास एक ट्रेनिंग उड़ान के दौरान मिग-21 एयरक्रॉफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में भारतीय वायु सेना (IAF) के दो पायलट शहीद हो गए थे। इसके अलावा मार्च 2021 में मध्य प्रदेश के ग्वालियर के पास एक मिग-21 बाइसन प्लेन क्रैश हो गया था। इस हादसे में IAF ग्रुप कैप्टन की मौत हो गई थी।