Cyclone Sitrang: दिवाली पर चक्रवात का साया! इन राज्यों के लिए अगले 48 घंटे बेहद अहम, IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

अगले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश होने और 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है

अपडेटेड Oct 23, 2022 पर 2:16 PM
Story continues below Advertisement
Cyclone Sitrang: थाईलैंड के सुझाव के अनुसार चक्रवात का नाम 'सितरंग' रखा गया है

Cyclone Sitrang: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र रविवार शाम तक चक्रवात में तब्दील हो सकता है। इसके बाद अगले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश होने और 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि रविवार सुबह सागर द्वीप के दक्षिण में 700 किमी दूर मौजूद मौसम स्थिति उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रही है। सोमवार को इसके फिर से उत्तर-पूर्वी दिशा की ओर लौटने तथा टिंकोना द्वीप और सैंडविप के रास्ते बांग्लादेश तट को पार करने का अनुमान है।

बंगाल में होगी भारी बारिश


मौसम विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि सोमवार को तटीय जिलों-दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में भारी से बहुत भारी तथा पूर्वी एवं पश्चिमी मिदनापुर में भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, कोलकाता, हावड़ा और हुगली में सोमवार और मंगलवार को मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़ें- Delhi Diwali Pollution: लगातार जहरीली होती जा रही दिल्ली की हवा, दिवाली से पहले AQI का निकला दिवाला

IMD ने कहा कि मंगलवार को उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना तथा नदिया में भारी बारिश होगी। यह मौसम घटनाक्रम ऐसे समय हो रहा है जब लोग दो साल बाद बड़े पैमाने पर काली पूजा और दीपावली मनाने की तैयारी कर रहे हैं। कोविड-19 के चलते पिछले दो साल सादगी से ये त्योहार मनाए गए थे।

ओडिशा में भी अलर्ट जारी

वहीं, भुवनेश्वर में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, जाजपुर, क्योंझर, कटक और खुर्दा जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे मध्य बंगाल की खाड़ी के गहरे समुद्र क्षेत्र में और 23 से 26 अक्टूबर के बीच ओडिशा और बंगाल के तटों के साथ और बाहर न जाएं।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिवाली और गोवर्धन पूजा वाले दिन अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा 24 से 26 अक्टूबर के दौरान असम और मेघालय, जबकि 24-26 अक्टूबर के दौरान मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है।

80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा

IMD बुलेटिन के अनुसार, इस मौसम स्थिति के चलते मंगलवार को तटीय जिलों-उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जो 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकती हैं। इन जिलों और पूर्वी मिदनापुर में सोमवार को 45-55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बता दें कि थाईलैंड के सुझाव के अनुसार चक्रवात का नाम 'सितरंग' रखा गया है

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।