Delhi Air Quality Index: दिवाली से पहले ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली होने लगी है। खराब हुई। दिल्ली में दिवाली से पहले एयर क्वालिटी (Air Quality) का दिवाला निकलने लगा है। दिल्ली की एयर क्वालिटी रविवार को लगातार आठवें दिन भी 'खराब' कैटेगरी में रही।
मौसम विभाग के मुताबिक, दीपावली पर पटाखे फोड़ने एवं पराली जलाने से उठने वाले धुएं के कारण यह 'गंभीर' कैटेगरी में पहुंच सकती है। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। शहर में हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ कैटेगरी में बनी हुई है।
दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) रविवार सुबह 10 बजे 243 रहा। एक दिन पहले शनिवार शाम 4 बजे यह 265 था। शहर के 35 निगरानी स्टेशन में से केवल एक (आनंद विहार) में एयर क्वालिटी “बहुत खराब” कैटेगरी में दर्ज की गई।
गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच AQI ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’, और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत आने वाली पूर्वानुमान एजेंसी सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) ने कहा कि पटाखे न फोड़ने पर भी एयर क्वालिटी 'बहुत खराब' स्तर तक पहुंच सकती है।
एजेंसी ने कहा कि अगर पिछले साल की तरह पटाखे फोड़े जाते हैं, तो दीपावली की रात ही एयर क्वालिटी 'गंभीर' स्तर तक पहुंच सकती है। इसके अलावा एक दिन के लिए 'रेड' जोन में बनी रह सकती है। बता दें कि देशभर में सोमवार को दीपावली मनाई जाएगी।