Delhi IMD Forecast: दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक जबरदस्त गरमी रहने वाली है। मौसम विभाग (IMD)ने चेतावनी दी है कि बुधवार 6 अप्रैल को दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। जबकि शुक्रवार 8 अप्रैल तक दिल्ली का तापमान बढ़कर 42 डिग्री तक जा सकता है।
पिछले हफ्ते बुधवार को इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 39.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इस साल मार्च में गरमी पिछले 122 साल में सबसे ज्यादा रही। देश के कई इलाकों में मार्च में ही गर्म हवाएं चलने लगीं थी।
मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली में अगले 5-6 दिनों तक लोगों को गरमी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
- अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है।
- अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण हरियाणा और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में भीषण लू चलने की संभावना है।
- इस दौरान मध्य प्रदेश, जम्मू संभाग और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी।
- गुजरात, उत्तरी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में 05 और 06 अप्रैल को इसी तरह की स्थिति की भविष्यवाणी की गई है।
- 05 अप्रैल को मेघालय में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर में हो सकती है बारिश
दूसरी ओर, पूर्वोत्तर क्षेत्र में अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। मौसम एजेंसी ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान कुछ राज्यों में बारिश होने की संभावना है। बता दें कि अप्रैल महीने में ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में गर्मी और लू की तपिश तेज होने लगी है। लोगों को अप्रैल में ही मई-जून की गर्मी का एहसास होने लगा है।