Arvind Kejriwal: सिसोदिया और संजय सिंह के बाद अब 2 नवंबर को केजरीवाल होंगे गिरफ्तार? AAP नेता ने किया बड़ा दावा

Arvind Kejriwal: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत समन जारी किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार ED दो नवंबर को सुबह 11 बजे केजरीवाल के जांच एजेंसी के दिल्ली कार्यालय में पेश होने के बाद उनका बयान दर्ज करेगी। यह पहली बार है जब ED ने केजरीवाल को समन भेजा है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अप्रैल में इस मामले में उनसे पूछताछ की थी

अपडेटेड Oct 31, 2023 पर 1:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
AAP ने आशंका जताई है कि 2 नवंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है

दिल्ली शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के बाद क्या अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) 2 नवंबर को गिरफ्तार होंगे? आम आदमी पार्टी ने आशंका जताई है कि 2 नवंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है। AAP ने मंगलवार को दावा किया कि ऐसी आशंका है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछताछ करने के बाद दो नवंबर को उन्हें गिरफ्तार कर लेगा।

दिल्ली में सत्तारूढ़ पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) उसके शीर्ष नेताओं को जेल में डालकर पार्टी को खत्म करने का प्रयास कर रही है। बता दें कि केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत समन जारी किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार ED दो नवंबर को सुबह 11 बजे केजरीवाल के जांच एजेंसी के दिल्ली कार्यालय में पेश होने के बाद उनका बयान दर्ज करेगी। यह पहली बार है जब ED ने केजरीवाल को समन भेजा है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अप्रैल में इस मामले में उनसे पूछताछ की थी।

AAP का बीजेपी पर आरोप


दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा ‘आप’ को निशाना बनाने के लिए इन हथकंडों का इस्तेमाल कर रही है क्योंकि वह जानती है कि चुनावों में केजरीवाल को हराया नहीं जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसी खबर है कि केजरीवाल को दो नवंबर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अगर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है तो उसके पीछे भ्रष्टाचार (आरोप) की वजह नहीं होगी बल्कि भाजपा के खिलाफ बोलने की वजह होगी।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक आतिशी ने कहा, "आप ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में दो बार और MCD चुनावों में भी भाजपा को हराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से डरे हुए हैं। BJP जानती है कि वह चुनाव में AAP को नहीं हरा सकती।"

मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन समेत AAP के शीर्ष नेतृत्व की गिरफ्तारी के संदर्भ में आतिशी ने दावा किया कि इसका केवल यही मतलब है कि BJP, AAP को खत्म करना चाहती है। सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जमानत दे दी गयी है।

I.N.D.I.A. को निशाना बना रही बीजेपी

आतिशी ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी CBI और ED का इस्तेमाल कर विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) के अन्य नेताओं और उसके मुख्यमंत्रियों को निशाना बनाएगी।

ये भी पढ़ें- लिकर पॉलिसी मामले में ED करेगी दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल से पूछताछ, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

उन्होंने दावा किया कि इसके बाद वे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाना बनाएंगे, क्योंकि वे उन्हें हरा नहीं पाए हैं। फिर वे तेजस्वी यादव को निशाना बनाएंगे क्योंकि वे बिहार में गठबंधन नहीं तोड़ पाए हैं। फिर केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को भी निशाना बनाया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।