Delhi NCR Rain: दिल्ली-NCR में बुधवार की सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में तेज हवाओं (Wind Storm) के साथ बूंदाबांदी (Rain) भी हुई। मौसम के इस बदलाव ने फिरवरी महीने में तेजी से बढ़ी गर्मी से लोगों को राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसे साथ ही पहाड़ों पर भी मध्यम से भारी बर्फबारी (Snowfall) होने के आसार हैं। इसका असर मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिल सकता है, जहां तापमान में फिर गिरावट आ सकती है।
इससे पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया था। उत्तर-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और दिल्ली-NCR के इलाकों में बारिश की संभावना जताई थी।
न्यूज एजेंसी ANI ने मौसम विभाग के हवाले से कहा, "उत्तर-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली (मुंडका, जाफरपुर, नजफगढ़), NCR (बहादुरगढ़), चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, महम, रोहतक, भिवानी, करनाल (हरियाणा), दिल्ली, NCR (हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम), हस्तिनापुर, चांदपुर, अमरोहा (यूपी) के कुछ जगहों और उनके आस-पास के इलाकों में अगले 2 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश हो सकती है।"
इस बीच, IMD के आंकड़ों के अनुसार, इस फरवरी में राष्ट्रीय राजधानी का औसत अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस (डिग्री सेल्सियस) था, जो 17 सालों में सबसे ज्यादा था। विशेषज्ञों ने बारिश की कमी को गर्मी के लिए जिम्मेदार ठहराया। साथ ही ये भी भविष्यवाणी की कि शहर को इस बार सामान्य से ज्यादा गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
जहां फरवरी में आमतौर पर 21.1 mm बारिश होती है, इस साल महीने में 0mm बारिश दर्ज की गई।
IMD के साप्ताहिक पूर्वानुमान में बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के शाम 4 बजे के बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली की एयर क्वालिटी, जो 218 के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के साथ मंगलवार को 'खराब' कैटेगरी में रहा, वो बुधवार को सुधार के साथ 'मॉडरेट' में पहुंच जाएगा।