Mumbai Milk Rate: महंगाई की मार झेल रहे मुंबईकरों के लिए एक और बड़ा झटका लगा है। पहले LPG गैस सिलेंडर के दाम बढ़ें अब दूध के दाम भी खौलने लगे हैं। इससे मुंबईकरों पर महंगाई का डबल अटैक पड़ा है। मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ (MMPA) ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भैंस के दूध के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इससे अब मुंबई में भैस के दूध के दाम 80 रुपये की जगह 85 रुपये प्रति लीटर के भाव से मिलने लगा है। 31 अगस्त तक यह इजाफा जारी रहेगा।
सितंबर 2022 के बाद यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले भैंस के दूध की कीमत 75 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति लीटर कर दी गई थी। जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया था।
इन प्रोडक्ट्स के बढ़ सकते हैं दाम
इससे पहले फरवरी महीने में महाराष्ट्र के सभी प्रमुख गाय दूध उत्पादक संघों के साथ-साथ अन्य प्रमुख ब्रांडेड उत्पादकों ने गाय के दूध की कीमतों में कम से कम 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी थी। दूध के दाम बढ़ने से लोगों की जेब पर भारी असर पड़ने वाला है। दूध के ही नहीं दूध से बने प्रोडक्ट्स भी अब महंगे होते जा रहे हैं। जिसकी वजह से लोगों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। इससे दूध से बनने वाले प्रोडक्ट्स जैसे दही, घी, पनीर आदि के दाम में बढ़ोतरी हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई में रोजाना 50 लाख लीटर से अधिक भैंस के दूध की खपत होती है। MMPA के अध्यक्ष सी.के. सिंह ने कहा कि दुधारू पशुओं के साथ-साथ उनके खाद्य पदार्थ जैसे दाना, तुवर, चुन्नी, चना-चूनी आदि के दाम 15-25 फीसदी तक बढ़ गए हैं। लिहाजा दूध के दाम में बढ़ोतरी की गई है।