दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की राष्ट्रीय राजधानी में सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह मोबाइल चोरी के एक मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी झपटमार ने दिल्ली पुलिस के जवान पर कई बार चाकू से हमला कर दिया। मोबाइल की कथित झपटमारी के आरोप में पकड़े गए व्यक्ति द्वारा बार-बार चाकू गोदने से घायल दिल्ली पुलिस के ASI की रविवार को मौत हो गई। ASI पर हमले का एक खौफनाक CCTV वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। उनका अंतिम संस्कार 8 जनवरी को किया गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मूल रूप से राजस्थान, सीकर के रहने वाले 57 वर्षीय ASI शंभू दयाल (Shambu Dayal) के परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और दो बेटियां हैं। पुलिस ने बताया कि पिछले बुधवार चार जनवरी को मायापुरी फेज-1 निवासी एक महिला ने अपने पति का मोबाइल फोन छीने जाने और उसे धमकी मिलने की शिकायत दी थी। इसके बाद ASI दयाल मौके पर पहुंचे, जहां शिकायतकर्ता ने आरोपी की पहचान कर ली।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी अनीश ने थाने जाने के दौरान अपनी शर्ट में छुपा चाकू निकाला और दयाल के गले, सीने, पेट और पीठ वार कर दिया। उन्होंने बताया कि मायापुरी थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे और अनीश को काबू किया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, ASI दयाल को अस्पताल ले जाया गया।
पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त घनश्याम बंसल ने बताया कि ASI दयाल ने आरोपी को भागने नहीं दिया। उन्होंने बताया कि चार दिन तक जीवन के लिए जूझने के बाद रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने दयाल को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया।
दिल्ली पुलिस ने एक ट्वीट कर कहा, "बीती 4 जनवरी को मायापुरी थाने में तैनात ASI शंभु दयाल एक स्नैचर को पकड़ने के दौरान चाकू से हमला किये जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। BLK हॉस्पिटल में इलाज के दौरान आज वे शहीद हो गए। हमें अपने इस बहादुर अधिकारी के साहस और कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व है। उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि।"
दिल्ली पुलिस ने अपने एक और ट्वीट में लिखा, "कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों का बलिदान करने वाले ASI शंभु दयाल हम सब के आंखों में आंसू और मन में साहस देकर पंचतत्व में विलीन हो गए। आज राजस्थान स्थित पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।"
ASI शंभू दयाल पर 4 जनवरी को चाकू से किए गए हमले का अब खौफनाक CCTV फुटेज सामने आया है। CCTV में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि 4 जनवरी की शाम शंभू दयाल झपटमार अनीश को पकड़कर पैदल ही थाने की तरफ जाते दिख रहे हैं। इस दौरान उनके पीछे पीछे कुछ लोग भी चल रहे हैं। CCTV में देखा जा सकता है कि अचानक शंभू दयाल किसी के आवाज लगाने पर या किसी और वजह से पीछे की तरफ मुड़ते हैं।
इसके बाद ठीक उसी वक्त मोबाइल चोर अनीश अपने पास छुपाए हुए चाकू को निकालता है और अचानक से शंभू दयाल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर देता है। ASI दयाल के हाथ में भी डंडे जैसी कुछ चीज दिखाई दे रही है, जिससे वे लगातार न सिर्फ बचने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि बदमाश पर हमला भी कर रहे हैं। इस दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए उन्होंने बदमाश को कुछ देर तक बिल्कुल भी नहीं छोड़ा नहीं और वह भी बचने के साथ-साथ उससे भागने से भी रोकने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
जिस वक्त यह हमला हुआ उस वक्त सड़क पूरी तरह से खचाखच भरी हुई थी। हमलावर को चाकू दिखाकर वहां मौजूद लोगों को धमकाते देखा जा सकता है। वह मौके से भागता नजर आया और ASI लहूलुहान अवस्था में पड़ा रहा। वहां मौजूद लोगों ने अगर थोड़ी सी हिम्मत दिखाई होती हो शायद ASI की जान बच जाती।