Mohalla Clinics: दिल्ली में महिलाओं के लिए खोले जाएंगे 100 स्पेशल मोहल्ला क्लीनिक, सीएम केजरीवाल ने किया ऐलान

Mohalla Clinics: 4 ‘महिला स्पेशल मोहल्ला क्लीनिक’ का उद्घाटन करते हुए केजरीवाल ने कहा कि 12 साल से कम उम्र के बच्चों और महिलाओं का यहां मुफ्त इलाज किया जाएगा

अपडेटेड Nov 03, 2022 पर 11:21 AM
Story continues below Advertisement
Mohalla Clinics: प्रत्येक मोहल्ला क्लीनिक में एक दिन में करीब 116 मरीज देखे जाते हैं

Mohalla Clinics: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बुधवार को ऐलान किया कि राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं के लिए 100 स्पेशल मोहल्ला क्लीनिक (100 Special Mohalla Clinics) खोले जाएंगे। 4 ‘महिला स्पेशल मोहल्ला क्लीनिक’ का उद्घाटन करते हुए केजरीवाल ने कहा कि 12 साल से कम उम्र के बच्चों और महिलाओं का यहां मुफ्त इलाज किया जाएगा। बता दें कि ‘मोहल्ला क्लीनिक’ अरविंद केजरीवाल सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है। इसका मकसद शहर में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल (Primary Healthcare) सुविधाओं को बढ़ावा देना है।

केजरीवाल ने कहा कि चार महिला मोहल्ला क्लीनिक आज खोले जा रहे हैं जो महिलाओं के लिए स्पेशल क्लीनिक हैं। सीएम ने कहा कि यहां उनके और 12 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए स्त्री रोग संबंधी सेवाएं, टेस्ट और दवाएं मुफ्त उपलब्ध होंगी।

पहले चरण में 100 मोहल्ला क्लिनिक


उन्होंने कहा कि पहले चरण में महिलाओं और बच्चों के लिए ऐसे 100 मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे। सीएम ने कहा कि इन क्लीनिकों में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी महिलाएं होंगी। मुख्यमंत्री ने हालांकि इस बात का कोई उल्लेख नहीं किया कि ये क्लीनिक कब तक खोले जाएंगे।

एक दिन में 116 मरीजों का होता है इलाज

25 मार्च को दिल्ली विधानसभा में पेश किए गए आउटकम बजट के अनुसार, औसतन प्रत्येक मोहल्ला क्लीनिक में एक दिन में करीब 116 मरीज देखे जाते हैं। कुल मिलाकर एक दिन में 60,000 से ज्यादा मरीज यहां देखे जाते हैं।

ये भी पढ़ें- उत्तर कोरिया ने लगातार दूसरे दिन दागी बैलिस्टिक मिसाइल, जापान में इमरजेंसी अलर्ट जारी, लोगों को घरों में रहने की हिदायत

रिपोर्ट के मुताबिक, पहले 4 क्लीनिक बस्ती विकास केंद्र जेजे कैंप मुनिरका में मोती लाल नेहरू कैंप, सेक्टर-4 DIZ एरिया, कोंडली में सपेरा बस्ती और ओखला में डीजेबी सीवेज पंपिंग स्टेशन बाटला हाउस में शुरू किए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।