मई में घना कोहरा देख दिल्लीवाले हुए हैरान, हल्की ठंड की वजह से AC-कूलर बंद

दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में सामान्य रूप से मई का महीना साल में सबसे ज्यादा गर्म होता है। इस महीने औसत अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस होता है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हवा में अत्यधिक नमी, हल्की हवा और दिन तथा रात के तापमान में काफी अंतर की वजह से कोहरे के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हैं

अपडेटेड May 04, 2023 पर 12:07 PM
दिल्ली में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा दिखाई दिया जो मई के महीने में असामान्य है

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। आज (4 मई) सुबह के मौसम ने दिल्लीवासियों को चौंका दिया। दिल्ली में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा दिखाई दिया जो मई के महीने में असामान्य है। लोगों की नींद खुली तो आसमान में कोहरा छाया हुआ था। तापमान भी दिल्ली-NCR में तकरीबन 15-16 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना हुआ था। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश की वजह से दिन के तापमान यानी अधिकतम तापमान में गिरावट तो देखी ही जा रही थी और बादल के थोड़ा छंटने के साथ ही रात और सुबह के तापमान में आई कमी ने कोहरा बना दिया।

बताया जा रहा है कि लगातार तीन चार दिनों की बारिश की वजह से ये कोहरा दिखाई दिया है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में सामान्य रूप से मई का महीना साल में सबसे ज्यादा गर्म होता है। इस महीने औसत अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस होता है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हवा में अत्यधिक नमी, हल्की हवा और दिन तथा रात के तापमान में काफी अंतर की वजह से कोहरे के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हैं।

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मुताबिक हल्के कोहरे में विजिबिलिटी 501 मीटर से 1000 मीटर होती है। सफदरजंग वेधशाला में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे में 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस कम है।


राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो पिछले कम से कम 13 साल में इस महीने में सबसे कम तापमान है। जब से मौसम के संकेतकों पर निगरानी शुरू की गयी है, तब से दो मई, 1982 को इस महीने का सबसे कम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

ये भी पढ़ें- Manipur Violence: हिंसा के बाद मणिपुर में सेना तैनात! 8 जिलों में लगा कर्फ्यू, मोबाइल इंटरनेट बंद, मैरी कॉम ने PM मोदी से मांगी मदद

शहर में अधिकतर स्थानों पर आर्द्रता का स्तर 80 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कल यानी शुक्रवार (5 मई) से फिर कुछ समय के लिए बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण सुहावने मौसम ने जहां दिल्ली और आस-पास के इलाकों में AC-कूलर का इस्तेमाल कम कर दिया है। वहीं, जलभराव के कारण बुधवार को ट्रैफिक जाम हो गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।