Delhi Earthquake: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप सुबह 5:36 बजे आया और इसकी गहराई 5 किलोमीटर थी। इसकी तीव्रता 4 मापी गई। झटके दिल्ली, नोएडा, इंदिरापुरम और आसपास के इलाकों में महसूस किए गए। राजधानी में आए तेज भूंकप के झटके के बाद पीएम मोदी ने लोगों से खास अपील की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "दिल्ली और आस-पास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सभी से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने तथा संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया जाता है। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।"
एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि भूकंप का केंद्र धौला कुआं में दुर्गाबाई देशमुख कॉलेज के पास था। यह इलाका झील के करीब है, जहां हर 2-3 साल में हल्के भूकंप आते रहते हैं। 2015 में यहां 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। भूकंप के दौरान तेज आवाज भी सुनाई दी।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी एक्स पर पोस्ट किया, "मैं सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।"
भूकंप के तेज झटकों के बाद घरों से बाहर निकले लोग
भूकंप के झटके राजधानी क्षेत्र और पड़ोसी राज्यों में भी महसूस किए गए, हालांकि अभी तक किसी नुकसान या हताहत की तत्काल कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है। तेज झटकों के कारण दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल गए थे।
दिल्ली पुलिस ने लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में "112" डायल करने की सलाह दी है। उन्होंने सभी से सुरक्षित रहने की उम्मीद जताई है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने तुरंत अपनी प्रतिक्रिया दी और बताया कि झटके इतने तेज थे कि वे नींद से जग गए। एक यूजर ने इसे "सबसे डरावना भूकंप" बताया, तो दूसरे ने लिखा, "मेरे जीवन के सबसे डरावने कुछ मिनट।"