वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक बार फिर दोहराया है कि नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत आने वाले साल में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। सीतारमण ने झारखंड की राजधानी रांची में एक कार्यक्रम के मौके पर कहा, 'लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनेगी। प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि भारत की अर्थव्यवस्था आने वाले वर्षों में पांचवें से तीसरे पायदान पर पहुंच जाएगी। इसके लिए हमें झारखंड के योगदान की जरूरत होगी। मैं कहना चाहूंगी कि देश हित और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार के लिए वोट करें। हम झारखंड में जंगल राज नहीं चाहते।'
देश में लोकसभा चुनाव हो रहे हैं और मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। सीतारमण की टिप्पणी इस बात की तरफ इशारा करती है कि भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में और कम समय लग सकता है। इससे पहले नवंबर 2023 में सीतारमण ने कहा था कि जापान और जर्मनी को पछाड़कर भारत 2027 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने वित्त वर्ष 2025 के लिए अब भारत की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 0.30 पर्सेंट बढ़ाकर 6.8 पर्सेंट कर दिया है। इससे पहले IMF ने जनवरी में जीडीपी ग्रोथ 6.5 पर्सेंट रहने का अनुमान जताया था। अंतरराष्ट्रीय एजेंसी ने घरेलू डिमांड की बेहतर स्थिति और कामकाजी आबादी में संभावित बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए यह अनुमान पेश किया है।
मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने हाल में कहा था कि वित्त वर्ष 2024 में भारत की इकनॉमिक ग्रोथ 8 पर्सेंट तक पहुंच जाने की प्रबल संभावना है। सांख्यिकी मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर तिमाही में भारत की GDP ग्रोथ 8.4 पर्सेंट रही। नतीजतन, पूरे वित्त वर्ष की ग्रोथ पहले एडवांस अनुमान (7.3 पर्सेंट) से ज्यादा रहने की संभावना है। दूसरे एडवांस अनुमान में 2023-24 के लिए जीडीपी ग्रोथ 7.6 पर्सेंट रहने का अनुमान जताया गया है।