Unemployment Rate, CMIE Data : दिसंबर, 2021 में भारत की बेरोजगारी दर चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। सेंट्रल फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) द्वारा सोमवार को यानी 3 जनवरी जारी डाटा से यह बात सामने आई है। दिसंबर में बेरोजगारी की दर बढ़कर 7.9 फीसदी हो गई, जबकि नवंबर में यह 7 फीसदी रही थी। रॉयटर्स के मुताबिक, यह अगस्त के 8.3 फीसदी के बाद सबसे ऊंचा आंकड़ा है।
ओमीक्रोन से बिगड़ रहा है सेंटीमेंट
ओमीक्रोन कोरोना वायरस (Omicron coronavirus variant) के मामलों में बढ़ोतरी और कई राज्यों में सोशल डिस्टैंसिंग के प्रतिबंध लागू होने के बाद भारत में इकोनॉमिक एक्टिविटी और कंज्यूमर सेंटीमेंट को तगड़ा झटका लगा है।
शहर-गांव दोनों जगह बढ़ी बेरोजगारी
डाटा से पता चलता है कि दिसंबर में शहरी बेरोजगारी दर बढ़कर 9.3 फीसदी हो गई है, जो पिछले महीने में 8.2 फीसदी थी। वहीं इसी अवधि में ग्रामीण बेरोजगारी दर भी 6.4 फीसदी से बढ़कर 7.3 फीसदी हो गई।
इकोनॉमिस्ट्स ने जताई चिंता
कई इकोनॉमिस्ट्स ने चिंता जाहिर की है कि ओमीक्रोन वैरिएंट के चलते पिछली तिमाही में दिखी इकोनॉमिक रिकवरी की स्थिति पलट सकती है।
मुंबई बेस्ड सीएमआईई का बेरोजगारी के डाटा पर इकोनॉमिस्ट्स और पॉलिसीमेकर्स की खासी नजर रहती है, क्योंकि सरकार मासिक आंकड़े जारी नहीं करती है।