RBI on Inflation: केंद्रीय बैंक आरबीआई ने लगातार दसवीं बार रेपो रेट (Repo Rate) में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं महंगाई को लेकर आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास का कहना है कि इस वित्त वर्ष 2025 में इनफ्लेशन 4.5 फीसदी पर बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि खाने और मेटल की कीमतों में जो हाल ही में बढ़ोतरी हुई है, अगर वह आगे भी जारी रहती है तो इसके चलते कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के ऊपर जाने का खतरा है। आरबीआई गवर्नर का मानना है कि सितंबर 2024 तिमाही में इनफ्लेशन 4.1 फीसदी, दिसंबर 2024 तिमाही में 4.8 फीसदी और मार्च 2025 तिमाही में 4.2 फीसदी और जून 2025 तिमाही में 4.3 फीसदी पर रह सकता है। आरबीई ने महंगाई को 2-4 फीसदी के टारगेट में रखने का लक्ष्य तय किया हुआ है।
लगातार 10वीं बार Repo Rate में कोई बदलाव नहीं
अमेरिकी फेड ने बेंचमार्क ब्याज दरों में 0.50 फीसदी की कटौती की थी तो अनुमान लगाए जा रहे थे कि आरबीआई भी ऐसा ही कुछ करेगा? अब आज यह तय हो गया कि रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं होने वाला है। आरबीआई ने लगातार दसवीं बार इसे स्थिर रखा है। यह 6.5 फीसदी पर बरकरार है।
GDP Growth को लेकर क्या है अनुमान?
आरबीआई गवर्नर का अनुमान है कि इस वित्त वर्ष 2025 में जीडीपी 7.2 फीसदी की रफ्तार से बढ़ेगी। इसमें दूसरी तिमाही यानी कि सितंबर तिमाही में 7.2 फीसदी, तीसरी तिमाही यानी अक्टूबर-दिसंबर 2024 में 7.4 फीसदी, मार्च 2025 तिमाही में 7.4 फीसदी और अगले वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून 2025 में जीडीपी के 7.3 फीसदी की रफ्तार से बढ़ने का अनुमान लगाया गया है। कोर इंडस्ट्रीज की बात करें तो इसके लिए चालू वित्त वर्ष की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2024 में 8 कोर इंडस्ट्रीज का आउटपुट 1.8 फीसदी गिर गया।