Retail Inflation : जुलाई और अगस्त के महीनों में सब्जियों की कीमतों के आसमान छूने से खुदरा महंगाई के एक बार फिर 6 फीसदी के ऊपर जाने की आशंका है। जापानी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने यह राय जताई है। अगर ऐसा होता है तो यह रिजर्व बैंक द्वारा तय मुद्रास्फीति के संतोषजनक दायरे से अधिक होगा। सरकार ने रिजर्व बैंक को खुदरा महंगाई दो फीसदी घट-बढ़ के साथ चार फीसदी तक सीमित रखने की जिम्मेदारी दी है। नोमुरा ने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा कि सब्जियों के दाम चढ़ने से सजग हुई सरकार फूड प्रोडक्ट्स की सप्लाई सुधारने के लिए कई कदम उठा सकती है।
