World Economic Forum : वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) ने नए कोरोना वायरस वैरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) के डर और इसके तेजी से फैलने को लेकर अनिश्चिता की स्थिति को देखते हुए दावोस, स्विट्जरलैंड में 2022 की शुरुआत में होने वाली अपनी एनुअल मीटिंग को स्थगित करने का फैसला किया है।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की एनुअल मीटिंग 17 और 22 जनवरी, 2022 के बीच स्विट्जरलैंड के दावोस-क्लोस्टर्स में होनी थी। इसे टाल दिया गया है और अब इसके गर्मियों की शुरुआत में होने का अनुमान है। पार्टिसिपैंट्स, कोलेबोरेटर्स और होस्ट कम्युनिटी सहित इसकी बैठकों से जुड़े हर शख्स का अच्छा स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
ओमीक्रोन के बीच मुश्किल हो गया था आयोजन
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, उसने “ओमीक्रोन वैरिएंट से जुड़ी अनिश्चितता के जारी रहने के कारण उसने दावोस, स्विट्जरलैंडच में होने वाली अपनी एनुअल मीटिंग को टाल दिया है।” बयान में कहा गया, “महामारी के मौजूदा हालात के चलते एक वैश्विक बैठक का आयोजन खासा मुश्किल है। एक्सपर्ट सलाह के आधार पर तैयारियां की गई हैं और हर स्तर पर स्विस सरकार के सहयोग से फायदा हुआ है।” बयान के मुताबिक, सख्त हेल्थ प्रोटोकॉल्स का पालन करते हुए मीटिंग होने के बावजूद, ओमीक्रोन की फैलने और यात्रा व मोबिलिटी पर उसके प्रभाव को देखते हुए इसे टालना जरूरी हो गया था।
जल्द ही ग्लोबल लीडर्स को एक मंच पर लाने की होगी कोशिश
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन प्रो. क्लौस श्वाब ने कहा, “एनुअल मीटिंग स्थगित होने से बिजनेस, सरकार और सिविल सोसायटी से जुड़े लीडर्स की लगातार डिजिटल बैठकों के माध्यम से प्रगति नहीं रुकेगी।”
उन्होंने कहा, “महामारी के दौरान पब्लिक-प्राइवेट कोऑपरेशन बढ़ा है और यह तेज गति से जारी रहेगा। हम जल्द ही ग्लोबल लीडर्स को एक मंच पर लाने की कोशिश करेंगे।”