राजस्थान (Rajasthan Udaipur School Closed) में जारी प्रचंड ठंड और शीतलहर की मार की वजह से राज्य में स्कूलों पर असर पड़ा है। राजस्थान के उदयपुर शहर में 8वीं क्लास तक के सभी स्कूल 18 जनवरी, 2023 तक बंद रहेंगे, जबकि 19 जनवरी से 22 जनवरी के बीच प्राइवेट स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे। जिला प्रशासन की तरफ से जारी एक अधाकारिक आदेश में कहा गया है कि उदयपुर में कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए 18 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि, उदयपुर में प्राइवेट स्कूल 19 जनवरी से 22 जनवरी तक सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुले रहेंगे।
इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने 19 जनवरी, 2023 तक दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे कई राज्यों में शीतलहर और ठंड की वापसी की भविष्यवाणी की है। अगले तीन दिनों तक उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।
इस बीच, यूपी के मेरठ में 17 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मेरठ में आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कक्षा 9-12 के लिए स्कूलों के समय में संशोधन किया गया है। कक्षा 9-12 के छात्रों के लिए स्कूल का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।
इसके अलावा लखनऊ में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि लखनऊ में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक खुलेंगे। वहीं, गोरखपुर में 17 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने बताया कि 16 एवं 17 जनवरी को LKG से इंटर तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
फतेहपुर में पारा शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे गया
राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप जारी है। राज्य में फतेहपुर एवं चूरू सबसे ठंडा स्थान रहे, जहां रविवार को तापमान शून्य से क्रमश: 4.7 डिग्री और 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। IMD के प्रवक्ता ने बताया कि पश्चिम राजस्थान के कई स्थानों पर भीषण शीतलहर का प्रकोप है, जिसकी वजह से अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में उल्लेखनीय रूप से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, सीकर में तापमान 0.5 डिग्री सेल्यिस, भीलवाड़ा में 0.6 डिग्री, बीकानेर में 1.2 डिग्री, पिलानी में 1.6 डिग्री, बारां में 1.7 डिग्री और संगारिया में 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पश्चिम राजस्थान के कई स्थानों पर भीषण शीतलहर का प्रकोप है, जिसकी वजह से अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में उल्लेखनीय रूप से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
प्रवक्ता के मुताबिक, राजस्थान के सभी अहम शहरों में रविवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 19.5 डिग्री और 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi Cold Wave) में भी सोमवार सुबह शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक जनवरी 2021 के बाद से इस महीने सबसे कम तापमान है। लोधी रोड पर स्थित मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड पर ही इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) का मुख्यालय स्थित है।
कश्मीर की ठंड महसूस कर चुके लोग सोमवार सुबह जब ऑफिस के लिए निकले तो बोल पड़े कि दिल्ली में तो घाटी जैसी सर्दी आ गई है। लोगों ने बताया कि उनके हाथों-पैरों में गलन महसूस हो रही है। IMD ने पहले दिल्ली में 17-18 जनवरी तक शीतलहर के लिए ओरेंज चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में 5 से 9 जनवरी तक भीषण शीतलहर चली जो एक दशक में इस महीने में प्रचंड शीतलहर की दूसरी सबसे लंबी अवधि रही।