JEE Mains Result 2024: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency - NTA) ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेंस के सेशन-2 का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमें रिकॉर्ड 56 लोगों ने 100 फीसदी अंक हासिल किए हैं। इसमें दो फीमेल कैंडिडेट्स भी शामिल हैं। वहीं गड़बड़ी की आशंका के चलते 39 उम्मीदवारों के नतीजों पर रोक लगा दी गई है। सफल उम्मीदवार अपना रिजल्ट जेईई मेन्स की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.ac.in पर चेक कर सकते हैं। जेईई मेंस 2024 में कुल 9.24 लाख लोग शामिल हुए थे। वहीं जेईई मेंस 2023 में 8.2 लाख लोग शामिल हुए थे।
इस बार, सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए, जेईई (एडवांस्ड) के लिए कटऑफ 93.23 है। यह साल 2023 में 90.77 और 2022 में 88.4 था। 2021 में जेईई एडवांस्ड के लिए कटऑफ 87.9 और 2020 में 90.3 और 2019 में 89.7 था। NTA की ओर से जारी रिजल्ट के मुताबिक, जेईई मेंस के सेशन-2 रिजल्ट में इस बार पिछले पांच साल का रिकॉर्ड टूट गया है।
तेलंगाना के 15 लोगों ने किया टॉप
तेलंगाना से सबसे अधिक 15 लोगों ने 100 फीसदी अंक हासिल किए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और राजस्थान हैं। साल 2023 में तेलंगाना के 11 छात्र थे जिन्होंने 100 फीसदी अंक हासिल किए थे। इस साल यह आंकड़ा बढ़कर अब 15 हो गया है। इस बार हर राज्य से 3-3 कैंडिडेट्स ने 100 फीसदी स्कोर हासिल किए हैं। दिल्ली और हरियाणा से 2-2, और तमिलनाडु और कर्नाटक से 1-1 कैंडिडेट्स ने 100 फीसदी अंक हासिल किए हैं। जेईई मेंस के जनवरी 2024 सेशन में 23 कैंडिडेंट्स ने 100 फीसदी अंक हासिल किए थे।
JEE Mains Result 2024 Session 2: ऐसे चेक करें रिजल्ट
1 - सबसे पहले NTA जेईई की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.ac.in पर जाएं।
2 - इसके बाद, होम पेज पर उपलब्ध जेईई मेन्स रिजल्ट 2024 लिंक पर क्लिक करें।
3 - अपना एप्लीकेशन नंबर और जरूरी डिटेल्स दर्ज करके सबमिट पर क्लिक करें।
4 - आपका जेईई मेन्स स्कोरकार्ड स्क्रीन पर खुल जाएगा।
5 - जेईई मेन्स रिजल्ट चेक करें और पेज डाउनलोड करें।
6 - आगे की जरूरत के लिए इसकी एक हार्ड कॉपी अपने पास रखें।