Get App

Doda Encounter: जम्मू-कश्मीर के डोडा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, अधिकारी समेत सेना के 4 जवान शहीद

Encounter in Doda: अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह के जवानों ने सोमवार देर शाम देसा वन क्षेत्र के धारी गोटे उरबागी में संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुए एक अधिकारी समेत सेना के चार जवानों की मंगलवार (16 जुलाई) तड़के मौत हो गई

MoneyControl Newsअपडेटेड Jul 16, 2024 पर 10:53 AM
Doda Encounter: जम्मू-कश्मीर के डोडा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, अधिकारी समेत सेना के 4 जवान शहीद
Encounter in Doda: सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी में 4 जवानों की मौत हो गई

Encounter in Doda: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हुए एक अधिकारी समेत सेना के चार जवानों की मंगलवार (16 जुलाई) तड़के मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह के जवानों ने सोमवार देर शाम देसा वन क्षेत्र के धारी गोटे उरबागी में संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।

उन्होंने बताया कि कुछ देर की गोलीबारी के बाद आतंकवादियों ने भागने की कोशिश की। लेकिन एक अधिकारी के नेतृत्व में बहादुर जवानों ने दुर्गम इलाके और घने जंगल के बावजूद उनका पीछा किया, जिसके बाद रात करीब नौ बजे जंगल में फिर से गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक अधिकारी समेत 4 जवानों ने बाद में दम तोड़ दिया।

सेना ने बताया कि इलाके में अतिरिक्त जवानों को भेजा गया है और अंतिम रिपोर्ट आने तक अभियान जारी था। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर अभियान शुरू किया गया था। पुलिस प्रवक्ता ने देसा वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी की पुष्टि की है, लेकिन कहा कि "अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।"

सुरक्षा सूत्रों ने हालांकि बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह के जवानों ने सोमवार रात करीब पौने 8 बजे भागवा वन क्षेत्र के धारी गोटे उरबागी में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद संक्षिप्त मुठभेड़ हुई।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें