अमिताभ बच्चन ने फैंस को अपने घर 'जलसा' के सामने आने से किया मना, चेतावनी देते हुए बताई ये वजह

Amitabh Bachchan: 80 वर्षीय दिग्गज अभिनेता बीते लगभग 40 वर्षों से जुहू स्थित अपने बंगले ‘जलसा’ के सामने हर रविवार को अपने प्रशंसकों से मिलते रहे हैं। यदि इस मुलाकात के समय में कुछ बदलाव होता है, तो वह प्रशंसकों को इस बारे में सूचित करना सुनिश्चित करते हैं। हालांकि, मेगास्टार ने अब अपने प्रशंसकों को चेतावनी दी कि वे 'जलसा' के बाहर न आएं

अपडेटेड May 07, 2023 पर 8:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Amitabh Bachchan: महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों को सूचित किया कि वह रविवार को उनसे मुलाकात नहीं कर पाएंगे

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन (Megastar Amitabh Bachchan) के फैंस अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए हर रविवार को मुंबई में उनके जलसा आवास के बाहर इकट्ठा होते हैं। यहां तक कि बिग बी भी अपने घर से बाहर निकलते हैं और हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार करते हैं। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। हालांकि, मेगास्टार ने रविवार को अपने प्रशंसकों को चेतावनी दी कि वे आज शाम (7 मई) को 'जलसा (Jalsa)' के बाहर न आएं।

दरअसल, महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने प्रशंसकों को सूचित किया कि काम से जुड़ी प्रतिबद्धताओं के कारण वह रविवार को उनसे मुलाकात नहीं कर पाएंगे। 80 वर्षीय दिग्गज अभिनेता बीते लगभग 40 वर्षों से जुहू स्थित अपने बंगले 'जलसा' के सामने हर रविवार को अपने प्रशंसकों से मिलते रहे हैं। यदि इस मुलाकात के समय में कुछ बदलाव होता है, तो वह प्रशंसकों को इस बारे में सूचित करना सुनिश्चित करते हैं।

दिग्गज अभिनेता ने शनिवार रात को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि वह अपने प्रशंसकों से मिलने के लिए घर लौटने की कोशिश करेंगे, लेकिन इसमें 'देरी होने की संभावना है और यह भी मुमकिन है कि मुलाकात न हो पाए।'


अमिताभ ने लिखा, "निश्चित रूप से कल (7 मई) जलसा के गेट पर नहीं जा पाऊंगा, क्योंकि मुझे कुछ काम है, जिसके लिए रविवार का दिन तय किया गया है। मैं शाम को 5:45 बजे तक वापस लौटने की कोशिश करूंगा, लेकिन इसमें देर हो सकती है। इसलिए आप लोगों को पहले से सूचित कर रहा हूं कि गेट के बाहर न इकट्ठा हों।"

अभी पिछले हफ्ते ही मेगास्टार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जलसा के बाहर जुटे अपने फैन की एक तस्वीर शेयर की थी। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "1982 से 'संडे बाई द गेट्स', हर रविवार बिना चूके, प्यार स्नेह और.. मेरी भावना, मेरे प्यारे लोगों का आभार।"

बता दें कि अमिताभ इस समय रिभु दासगुप्ता की फिल्म ‘सेक्शन 84 (Section 84)’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके अलावा वह जल्द ही 'प्रोजेक्ट के (Project K)' में प्रभास और दीपिका पादुकोण के साथ दिखाई देंगे।

ये भी पढ़ें- The Kerala Story Row: 'द केरल स्टोरी' विवाद के बीच एआर रहमान ने मस्जिद के अंदर हिंदू शादी का शेयर किया वीडियो

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।