साउथ की फिल्में इन दिनों पूरे देश में खासकर हिन्दी भाषी राज्यों में धमाल मचा रही है। हाल ही में रिलीज हुई साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की पुष्पा-2 ने कमाई के मामले में सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिए। वहीं अब साउथ की एक और फिल्म ने रिलीज होते ही धमाल मचा दिया है। मलयालम स्टार उन्नी मुकुंदन स्टारर 'मार्को' हिन्दी में रिलीज होते ही कमाल कर दिया है। जबरदस्त एक्शन से भरपूर इस फिल्म में साल के पहले दिन 1 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली।
साल के पहले ही दिन छाई फिल्म
बता दें कि फिल्म 'मार्को' को इंडियन सिनेमा की सबसे वायलेंट फिल्म बताया जा रहा है। इस मलयालम फिल्म ने अपनी रिलीज के पहले दिन 4.3 लाख रुपये की कमाई की, जिसमें से सिर्फ 1 लाख रुपये हिंदी से आए थे। लेकिन इसके बाद फिल्म की कमाई लगातार बढ़ी और पहले हफ्ते का हिंदी कलेक्शन 28 लाख रुपये तक पहुंच गया।
दूसरे वीकेंड में फिल्म की जादूई सफलता ने दर्शकों को हैरान कर दिया, जब इसने दूसरे वीकेंड में 1.7 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं सोमवार और मंगलवार को 55 लाख रुपये और 60 लाख रुपये की कमाई की। लेकिन फिल्म का असली मोमेंट 1 जनवरी को आया, जब इसने हिंदी में एक ही दिन में 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया और 1.2 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही इस फिल्म का कुल हिंदी कलेक्शन 4.33 करोड़ रुपये हो गया।
इस फिल्म की कमाई पहले दिन के 1 लाख रुपये से लेकर 13वें दिन के 1.2 करोड़ रुपये तक जाना किसी अनहोनी जैसा है। दरअसल, फिल्म के शो की संख्या भी कई गुना बढ़ गई है, जब यह हिंदी में पहले दिन सिर्फ 60 शो पर रिलीज हुई थी और अब 1000 से अधिक शो में चल रही है। फिल्म ने पुष्पा 2 के तूफान के बावजूद अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि वरुण धवन की बेबी जॉन की असफलता ने मार्को की सफलता में योगदान दिया है।
ऑनलाइन लीक हो गई थी फिल्म
फिल्म का निर्देशन हनीफ अदीनी ने किया है और इसका बजट 30 करोड़ रुपये है। हाल ही में फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई थी और उन्नी मुकुंदन ने सोशल मीडिया पर फैन्स से अनुरोध किया कि वे इसे न देखें। उन्होंने लिखा, “कृपया पायरेटेड फिल्में न देखें। हम लाचार हैं। मैं लाचार महसूस कर रहा हूं। सिर्फ आप ही इसे रोक सकते हैं, इसे ऑनलाइन डाउनलोड ना करके। यह एक निवेदन है।”