बॉलीवुड के भाईजान कहे जाने वाले सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार को काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक्टर के घर की बाहरी दीवार पर सुरक्षा उपकरण इंस्टॉल करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी तक इसके बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं एक्टर के घर के बाहर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को और सख्त कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर लोग सलमान खान की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
बता दें कि हाल ही में सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकियां मिल दी गईं हैं। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से भी सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई है। पिछले साल अप्रैल 2024 में सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर गोलीबारी की घटना हुई थी। इस घटना के बाद ये जानकारी सामने आई कि इस हमले की पीछे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ है। गैंगस्टर के भाई अन्मोल बिश्नोई ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इस गोलीबारी की जिम्मेदारी भी ली थी।
सलमान खान को मिल रही धमकी
फायरिंग की इस घटना के बाद मुंबई ट्रैफिक पुलिस को एक मैसेज भेजा गया था, जिसमें सलमान खान से 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। मैसेज में धमकी दी गई कि यदि यह मांग पूरी नहीं की गई, तो सलमान को बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल भुगतना पड़ेगा। बता दें कि 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इल घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा को बढ़ा दी गई थी। इसके अलावा, मुंबई के फिल्म सिटी में बिग बॉस 18 के सेट्स के बाहर भी सुरक्षा को बढ़ा दिया गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान की सुरक्षा टीम में अतिरिक्त आठ से दस सशस्त्र जवान को भी शामिल किए गए हैं और मुंबई पुलिस ने उनके निवास पर एक विशेष कमांड सेंटर भी स्थापित किया।
'सिकंदर' में नजर आएंगे भाईजान
सलमान खान अपनी अपकमिंग फिल्म 'सिकंदर' को लेकर काफी व्यस्त है। इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला और ए.आर. मुरुगदॉस द्वारा निर्देशित किया गया है। यह फिल्म ईद 2025 पर रिलीज होगी, जिसमें रश्मिका मंदाना, सत्यराज, प्रतीक बब्बर, शर्मन जोशी और काजल अग्रवाल जैसे कई कलाकारों शामिल है।