केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला किया है। केंद्र ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ram Nath Kovind) को जेड प्लस (Z Plus Security) कैटेगरी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बुधवार को कहा कि कोविंद को केंद्रीय अर्धसैनिक बल का 'जेड प्लस' श्रेणी का वीआईपी सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा कि कोविंद को देशभर में जेड प्लस सुरक्षा प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की वीआईपी सुरक्षा कमांडो यूनिट कोविंद की सुरक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल ही में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों द्वारा की गई सिफारिश के आधार पर सुरक्षा कवर को मंजूरी दी दी। सुरक्षाबलों ने 5 सितंबर को कार्यभार संभाल लिया।
मध्य दिल्ली में जनपथ रोड स्थित पूर्व राष्ट्रपति आवास की भी सुरक्षा बल द्वारा की जाएगी। 76 वर्षीय कोविंद ने भारत के 14वें राष्ट्रपति के रूप में सेवा करने के बाद जुलाई में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था। फिलहाल, द्रौपदी मुर्मू वर्तमान में राष्ट्रपति हैं।
राष्ट्रपति के रूप में कार्यकाल समाप्त होने के बाद रामनाथ कोविंद जनपथ रोड स्थित अपने नए आवास में शिफ्ट हो गए हैं। द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद कोविंद राष्ट्रपति भवन छोड़कर अपने नए आवास 12 जनपथ पहुंचे। परंपरा के तौर पर इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू भी उनके साथ थीं।
इससे पहले, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान करीब तीन दशक तक 12 जनपथ स्थित इस बंगले में रहे थे। पासवान का 2020 में निधन हो गया था और उनके बेटे चिराग पासवान ने नोटिस मिलने के बाद अप्रैल में बंगला खाली कर दिया था। बंगले को, राष्ट्रपति के तौर पर कोविंद का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनके आवास के रूप में तैयार किया गया है।