G20 Summit Delhi: अफ्रीकी संघ (African Union) शनिवार को ग्रुप ऑफ 20 (G20) का स्थायी सदस्य बन गया। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने अफ्रीकी संघ के प्रमुख, जो कोमोरोस संघ के अध्यक्ष भी हैं, अजाली असौमानी को वैश्विक आर्थिक सहयोग के मुख्य मंचों में से एक के स्थायी सदस्य के रूप में अपनी सीट लेने के लिए आमंत्रित किया।
PM मोदी ने G20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत करते हुए कहा, “भारत ने अफ्रीकी संघ को G20 की स्थायी सदस्यता देने का प्रस्ताव रखा। मेरा मानना है कि इस पर हमारी सहमति है।" मोदी ने अफ्रीकी संघ को जी20 की स्थायी सदस्यता का निमंत्रण दिया। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, ग्रुप का नाम बदलकर G21 किया जा सकता है।
उन्होंने औपचारिक समारोह में कहा, "हर किसी की सहमति से, मैं अफ्रीकी संघ प्रमुख से स्थायी G20 सदस्य के रूप में अपनी सीट लेने का अनुरोध करता हूं।" इसके बाद असौमानी ने भारत के विदेश मामलों के मंत्री एस. जयशंकर के निमंत्रण पर विश्व नेताओं के बीच अपना स्थान ग्रहण किया।
भारत ने जी20 की अध्यक्षता की अपनी पूरी अवधि के दौरान कहा कि मंच को वैश्विक दक्षिण के हितों का प्रतिनिधित्व करना चाहिए। केंद्रीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह जी20 शिखर सम्मेलन के प्रमुख परिणामों में से एक है।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “G20 के लिए, जो वैश्विक दक्षिण के लिए ज्यादा समावेशी और ज्यादा मुखर है! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफ्रीकी संघ और कोमोरोस के अध्यक्ष अजाली असौमानी को दूसरे G20 नेताओं के साथ शामिल होने के लिए गर्मजोशी से आमंत्रित किया, क्योंकि अफ्रीकी संघ G20 का स्थायी सदस्य बन गया है। ये G20 भारत का एक अहम नतीजा है।"
अफ्रीकी संघ का मुख्यालय इथियोपिया में है और अफ्रीकी एकता संगठन के भंग होने के बाद 2022 में इसका गठन किया गया था। अफ्रीकी संघ की अध्यक्षता रोटेशनल होती है। अफ्रीकी संघ में अपनी पूरी ताकत के साथ 55 सदस्य हैं, लेकिन वर्तमान में छह जुंटा-शासित राष्ट्र निलंबित हैं। इसकी कुल GDP 3 डॉलर ट्रिलियन है और ये लगभग 1.4 अरब लोगों का प्रतिनिधित्व करता है।