H3N2: कई राज्यों में H3N2 वायरस का कहर, महाराष्ट्र सरकार हुई अलर्ट, दिल्ली में एडवाइजरी जारी

H3N2: महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, कर्नाटक, पुडुचेरी, तमिलनाडु और असम जैसे कुछ राज्यों में इन्फ्लूएंजा के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस वायरस से संक्रमित मरीजों की मौत भी हो रही हैं। वायरस के खतरे को देखते हुए राज्य सरकारें अलर्ट हो गई हैं। दिल्ली सरकार ने इस वायरस से बचने के लिए कोविड के नियमों को पालन करने की सलाह दी है

अपडेटेड Mar 18, 2023 पर 10:00 AM
देश में H3N2 इन्फ्लूएंजा का खतरा बढ़ता जा रहा है

H3N2: बदलते मौसम की वजह से H3N2 इन्फ्लूएंजा का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। कई राज्यों में लोग H3N2 इन्फ्लूएंजा वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। इस फ्लू से हर उम्र के लोग संक्रमित हो रहे हैं। खासकर बच्चे इससे अधिक संक्रमित हो रहे हैं। बुखार, खांसी, वाले मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। अब तो इस वायरस से मौत भी होने लगी है। भारत में अब तक इन्फ्लूएंजा सब टाइप H3N2 की वजह से 3 लोगों की मौत हो चुकी हैं। महाराष्ट्र सरकार ने सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। वहीं दिल्ली सरकार ने इस मामले में एडवाइजरी जारी कर दी है।

दिल्ली सरकार ने अपनी एडवाइजरी में बुजुर्गों और बच्चों को खास तौर से सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं ये भी कहा गया है कि लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते रहें। लोगों से एक बार फिर से मास्क पहनने की अपील की जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कहीं यह वायरस भारत के लिए नया खतरा तो नहीं बन रहा। राज्य सरकारों की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।

पुणे में एक शख्स की मौत


H3N2 वायरस से संक्रमित होने के बाद महाराष्ट्र के पुणे में 73 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। वहीं देश में इस वायरस से संक्रमित पहले मरीज की मौत कर्नाटक के हासन जिले में हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union health ministry) के आंकड़ों के मुताबिक, 2 जनवरी से 5 मार्च के बीच देश में H3N2 के 451 मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने बताया कि सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा, ‘H3N2 वायरस राज्य में फैल रहा है, लेकिन चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगहों पर नहीं जाना चाहिए। मास्क पहनना चाहिए और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखनी चाहिए।

H3N2 Virus का बढ़ रहा है खतरा, 10 में से 6 बच्चे हैं संक्रमित, जानिए लक्षण और कैसे करें बचाव

दिल्ली सरकार ने जारी की एडवाइजरी

H3N2 वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस मामले में दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने एडवाइजरी जारी कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bharadwaj) ने कहा कि इससे लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी को कोविड के नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा मौसम इन्फ्लूएंजा का मौसम होता है। सरकारी अस्पतालों में मामले कम हैं। लोक नायक अस्पताल में इन्फ्लूएंजा के 20 और अन्य अस्पतालों में 8-10 मामले पाए गए हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान बेड रिजर्व किए गए थे।

सौरभ भारद्वाज ने कहा, "जिन लोगों को गंभीर अस्थमा या कोविड-19 है। वे सबसे अधिक इन्फ्लुएंजा की चपेट में आए हैं। 5 साल से कम उम्र के बच्चों और 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र ने 6 राज्यों को कोविड एडवाइजरी जारी किया है। उसमें दिल्ली शामिल नहीं है। हालांकि, हम इन्फ्लुएंजा को फैलने से रोकने के लिए एडवाइजरी जारी कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।