Nuh Violence: नूंह SP का ट्रांसफर! रोहिंग्या बस्तियों पर चला बुलडोजर, घरों में पढ़ी जाएगी जुमे की नमाज

Nuh Violence Updates: हरियाणा के नूंह जिले के SP वरुण सिंगला का तबादला कर दिया गया है। जिले में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान वह छुट्टी पर थे। विश्व हिंदू परिषद के जुलूस को रोकने की कोशिश को लेकर नूंह में भड़की हिंसा गुरुग्राम तक फैल गई जिसमें होम गार्ड के दो जवान और एक मौलवी समेत 6 लोगों की जान चली गई। नूंह हिंसा के बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन ने तावडू इलाके में सैकड़ों अवैध झुग्गी-झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाया। लोगों द्वारा यहां अवैध अतिक्रमण किया गया था

अपडेटेड Aug 04, 2023 पर 12:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Nuh Violence Updates: नूंह में 31 जुलाई को दो समूहों के बीच हिंसक झड़प के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है और जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है

Haryana Violence Live News Updates: हरियाणा के नूंह जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) वरुण सिंगला (Nuh SP Varun Singla transferred) का तबादला कर दिया गया है। जिले में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान वह छुट्टी पर थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सिंगला को भिवानी का SP नियुक्त किया गया है। उनकी जगह पर SP नरेंद्र बिजारनिया (IPS Narendra Bijarniya) को नूंह का जिम्मा दिया गया है। बिजारनिया पहले भिवानी के SP थे। साथ में वह ADG (लॉ एंड ऑर्डर) के OSD की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।

एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि नूंह के वर्तमान SP का तबादला कर उन्हें भिवानी का एसपी नियुक्त किया जाता है। जबकि भिवानी के एसपी बिजारनिया को तबादले के बाद नूंह का SP नियुक्त किया जाता है। बता दें कि 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद (VHP) के धार्मिक जुलूस को रोकने की कोशिश को लेकर नूंह में भड़की हिंसा साइबर सिटी गुरुग्राम तक फैल गई, जिसमें दो होम गार्ड और एक मौलवी समेत 6 लोगों की जान चली गई।

रोहिंग्या बस्तियों पर चला बुलडोजर


नूंह में 31 जुलाई को दो समूहों के बीच हिंसक झड़प के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है और जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच, नूंह हिंसा के बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन ने तावडू इलाके में सैकड़ों अवैध झुग्गी-झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाया। लोगों द्वारा यहां अवैध अतिक्रमण किया गया था। पुलिस सूत्रों ने दैनिक भास्कर को बताया कि यहां बांग्लादेशी रोहिंग्या अवैध तरीके से रह रहे थे और नूंह सहित अन्य सांप्रदायिक हिंसा में शामिल थे। कई युवकों का नाम FIR में भी दर्ज है।

गुरुग्राम में घरों में पढ़ी जाएगी जुमे की नमाज

नूंह हिंसा के मद्देनजर गुरुग्राम के मुस्लिम समुदाय ने शुक्रवार की नमाज सार्वजनिक स्थानों और मस्जिदों में अदा नहीं करने का फैसला किया है। गुरुग्राम में जमियत उलेमा के अध्यक्ष मुफ्ती सलीम कासमी ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से सावर्जनिक स्थानों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए जमा होने से बचने की अपील की। कासमी ने कहा कि भाईचारा बनाए रखने की जिम्मेदारी लोगों की है।

ये भी पढ़ें- Noida News: नोएडा में दर्दनाक हादसा! लिफ्ट गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, सोसाइटी के लोगों ने किया हंगामा

मुफ्ती ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि मैं लोगों से घर पर नमाज अदा करने की अपील करता हूं। वे लोग, जो मस्जिदों में रहते हैं सिर्फ वहीं मस्जिद में नमाज अदा कर सकते हैं। उनके अलावा किसी और को मस्जिद में प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। अल्लाह हमारे भाईचारे की रक्षा करे। हिंदूवादी संगठनों ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें कई चीजों के साथ-साथ सावर्जनिक स्थानों पर नमाज को प्रतिबंधित करने की मांग की गई है।

पटौदी इलाके में मोटरसाइकिल में लगाई आग

गुरुग्राम के पटौदी इलाके में गुरुवार रात तीन मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने पीटीआई को बताया कि तीनों मोटरसाइकिल चुंगी संख्या चार के पास राशिद ऑटो वर्क्स के बाहर खड़ी थीं। उस वक्त कारीगर दुकान के अंदर सो रहा था। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाई और कारीगर को बचाया। पटौदी पुलिस थाने के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।