Noida Lift News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा (Noida) के एक हाउसिंग सोसाइटी में गुरुवार को लिफ्ट का तार टूट जाने के कारण उसमें फंसी 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। लिफ्ट का तार टूट जाने के कारण महिला झटका लगने से उसके फर्श पर गिर गई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने घटना के बारे में कहा कि लिफ्ट जमीन से नहीं टकराई, बल्कि इमारत के मध्य की मंजिलों के बीच फंस गई। घटना शाम करीब साढ़े चार बजे सेक्टर- 137 स्थित बहुमंजिला सोसाइटी में हुई।
इस घटना के बाद सोसाइटी में हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामले को शांत कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) अनिल कुमार यादव ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि जब लिफ्ट का तार टूटा तब सुशीला देवी नाम की बुजुर्ग महिला उसमें अकेली थीं। अचानक तार टूटने से लगे झटके के कारण वह नीचे लिफ्ट में फर्श पर गिर गईं। हालांकि, महिला के लिफ्ट में घुसने से पहले ही इमारत की ऊपरी मंजिल के किसी निवासी ने लिफ्ट का ऊपर पहुंचने वाला बटन दबा दिया था।
पुलिस ने गुरुवार को एक बयान में कहा, "आज सेक्टर 142 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर- 137 स्थित पारस टिएरा सोसाइटी (Paras Tierea society in Noida) में लिफ्ट का तार टूटने से लिफ्ट तेजी से नीचे आ गिरी। इस घटना में लिफ्ट में सवार महिला बेहोश हो गई। महिला लिफ्ट में अकेली थी। उसे फेलिक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।"
यह घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई और 1 घंटे बाद अस्पताल में महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फेलिक्स अस्पताल के एक डॉक्टर ने पीटीआई से कहा, "महिला के सिर के पीछे चोटें थीं और कोहनियों पर खरोंच थी, जो लिफ्ट से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है। महिला को जब अस्पताल लाया गया तो उसकी नाड़ी की गति रुकी थी और उसकी पलकें फैली हुई थीं। संभवत: अचानक हुई इस घटना के कारण महिला को दिल का दौरा पड़ा था।" डॉक्टर ने कहा कि मरीज का इलाज किया गया लेकिन उसे बचाने में असफल रहे।
पारस टिएरा के सैकड़ों निवासी घटना और लिफ्ट जैसी सामान्य सेवाओं के प्रबंधन में लापरवाही के विरोध में सोसाइटी के परिसर में आ गए। सोसाइटी के निवासियों ने अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के अध्यक्ष के खिलाफ हंगामा किया। पुलिस ने AOA को हिरासत में ले लिया, लेकिन थाने में ही एओए की तबियत खराब हो गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और निवासियों के बीच हल्की झड़प की भी खबर है। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।