Heat Wave Alert: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने 13 से 16 अप्रैल तक ओडिशा के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की भविष्यवाणी की है। चेतावनी के मद्देनजर राज्य में 10वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को 16 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक राज्य में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। अपनी जापान यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्तमान लू की स्थिति और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की समीक्षा बैठक की।
इसके बाद सीएम पटनायक ने घोषणा की कि सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र 12 से 16 अप्रैल तक बंद रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को पीने के पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और कोविड की स्थिति पर निगरानी रखने का भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन, विशेष रूप से पंचायती राज एवं पेयजल विभाग, आवास एवं शहरी विकास विभाग और ऊर्जा विभाग को लू की स्थिति से निपटने के लिए तैयारी शुरू करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पानी की कमी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के साथ पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
सीएम ने ऊर्जा विभाग को भी गर्मी के दौरान मांग को पूरा करने के लिए बिना कटौती के बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और विभागों को वर्तमान COVID-19 स्थिति की बारीकी से निगरानी करने की सलाह दी।
इन राज्यों में बारिश की चेतावनी
IMD ने अगले पांच दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की भविष्यवाणी की थी। मौसम विभाग ने कहा कि कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश की आशंका है।
मौसम विभाग ने कहा कि 13 और 14 अप्रैल, 2023 को मध्य महाराष्ट्र में छिटपुट ओलावृष्टि की आशंका है। आईएमडी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अल नीनो की स्थिति विकसित होने के बावजूद भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम के दौरान सामान्य बारिश होने की उम्मीद है।
IMD के मुताबिक, इस साल औसत 96% बारिश रहने का अनुमान है। इस साल के मॉनसून के लिए मौसम विभाग का ये पहला अनुमान है। इससे पहले प्राइवेट वेदर एजेंसी Skymate ने इस साल औसत 94% बारिश पड़ने का अनुमान जताया था।