Heatwave 2023: चाय-कॉफी से करें परहेज, गर्मी से बचने के लिए केंद्र सरकार ने जारी की एडवाइजरी

Heatwave 2023: मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार इस बार मार्च महीने से ही लू चलने लगेगी। ऐसे में केंद्र सरकार ने एडवाइजरी भी जारी कर दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि लू से बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। इसमें कहा गया है कि अगर प्यास नहीं भी लग रही है तो भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें

अपडेटेड Mar 01, 2023 पर 11:35 AM
लू से बचने के लिए ओरल रीहाइड्रेशन सॉल्युशन (ORS) का घोल, नींबू पानी, लस्सी, हल्का नमक मिलाकर फलों के जूस आदि पीने की सलाह दी गई है

Heatwave 2023: देश के कई इलाकों से ठंड की विदाई हो चुकी है। फरवरी का महीना कई जगह काफी गर्म महसूस किया गया। इस बार मार्च में ही लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union health ministry) ने गर्मी से बचने के लिए एडवाइजरी की है। मंत्रालय ने गर्मी से बचने के लिए क्या करें क्या न करें की लिस्ट जारी की है। जिसमें कई चीजों से परहेज करने के लिए कहा गया है। वहीं लू से बचने के लिए कुछ उपाय भी बताए गए हैं।

वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को चिट्ठी लिखी है। जिसमें कहा गया है कि 1 मार्च से ही गर्मी से होने वाली बीमारियों, तेज गर्मी का शिकार हो रहे मरीजों और हीटवेव से होने वाली मौतों का आंकड़ा दर्ज करना शुरू करें।

पर्याप्त मात्रा पानी पिएं, ढीले कपड़ें पहनें


गर्मी से बचने के लिए केंद्र सरकार ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। जिसमें कहा गया है कि अगर प्यास नहीं भी महसूस हो रही है तो भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। लू से बचने के लिए ओरल रीहाइड्रेशन सॉल्युशन (Oral Rehydration Solution -ORS) का घोल, नींबू पानी, लस्सी, हल्का नमक मिलाकर फलों के जूस आदि पीने की सलाह दी गई है। मंत्रालय ने आगे कहा है कि गर्मियों में पतले, ढीले, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनना चाहिए। इसके साथ ही, तेज धूप से बचने के लिए छाता लगाएं या टोपी पहने या फिर तौलिए से सिर को ढक कर रखें।

Delhi NCR Rain: दिल्ली NCR में मौसम ने ली करवट, तेजा हवाओं के साथ बूंदाबांदी ने गर्मी से दिलाई राहत, UP में बारिश का अलर्ट

इन बातों का भी रखें ध्यान

सरकार ने कहा है कि लोगों को अपने इलाके के मौसम का हाल जानने के लिए टीवी, रेडियो, न्यूज पेपर देखते रहना चाहिए। इसके लिए भारतीय मौसम विभाग (IMD) की वेबसाइट या इसके सोशल मीडिया हैंडल्स को भी खंगालते रहना चाहिए। मंत्रालय ने भी सलाह दी है कि लोगों को हवादार और ठंडी जगहों में रहना चाहिए। सूर्य की सीधी रोशनी में आने से बचने की जरूरत है। जिधर से धूप आए, उधर की खिड़कियां दिन में बंद हों या पर्दे लगे हों। रात में खिड़कियां खोल दें ताकि ठंडी-ठंडी हवा घर में आए। अगर काम के लिए घर से निकलना जरूरी है तो कोशिश करें कि सुबह या शाम को काम निपटाएं। बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं को गर्मी में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

इन चीजों के खाने-पीने से करें परहेज

सरकार की एडवाइजरी में जोर देकर कह गया है कि लोग दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक घरों से बाहर निकलने से बचें। चिलचिलाती धूप के समय खाना बनाने या आग का कोई दूसरा काम करने से बचने की सलाह दी गई है। किचन की खिड़कियां और दरवाजे खोलकर रखें ताकि वेंटिलेशन रहे। हाई-प्रोटीन फूड्स और बासी खाने के सेवन से बचने की सलाह दी गई है। वहीं शराब, चाय, कॉफी और सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन ज्यादा न करने के लिए कहा गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।