Himachal Rains: हिमाचल प्रदेश में आज भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, मंडी बांध में 10 लोग फंसे

Himachal Pradesh Weather Today: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति के बाद लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में आज यानी सोमवार से और भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। शिमला में मौसम कार्यालय ने आज भारी बारिश के लिए 'येलो अलर्ट' और 22 से 24 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है

अपडेटेड Aug 21, 2023 पर 10:30 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Himachal Pradesh Weather Today: बारिश और बाढ़ के कारण कम से कम 330 लोगों की जान चली गई है

Himachal Pradesh Weather Today: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति के बाद लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। घरों, सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से पहाड़ी लोगों के लिए बारिश मुसीबत बनकर आई है। इस बीच, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में आज यानी सोमवार से और भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है।  शिमला में मौसम कार्यालय ने आज भारी बारिश के लिए 'येलो अलर्ट' और 22 से 24 अगस्त तक मूसलाधार बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल मानसून में बारिश और बाढ़ के कारण कम से कम 330 लोगों की जान चली गई है। पिछले सप्ताह राज्य में कम से कम 25 भूस्खलन और एक बादल फटने की घटना हुई थी।

मंडी बांध में 10 लोग फंसे

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोलडैम पनबिजली परियोजना के बांध में रविवार को वन विभाग के पांच कर्मचारी समेत 10 लोग फंस गए हैं। मंडी के उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने बताया कि स्थिति जानलेवा नहीं है और फंसे हुए लोगों को जल्द ही निकाल लिया जाएगा। चौधरी ने रविवार रात पीटीआई से कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने स्थानीय प्रशासन एवं स्थानीय नागरिकों की मदद से बचाव अभियान शुरू कर दिया है।


इस बात का अभी भी पता नहीं चला है कि यह घटना कैसे हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को इस संबंध में सूचना दी जिसके बाद NDRF का दल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि बांध में फंसे लोगों में से पांच बहादुर सिंह, भूपेश ठाकुर, रूप सिंह, बाबू राम और अंगद कुमार वन विभाग के कर्मचारी हैं। जबकि अन्य पांच स्थानीय लोग हैं जिनकी पहचान नैन सिंह, डागू राम, हेम राज, बुधि सिंह और धर्मेंद्र के रूप में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि स्टीमर की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- टमाटर के बाद सस्ती दर पर अब प्याज भी बेचेगी सरकार, सोमवार से दिल्ली में 25 रुपए किलो की कीमत पर खरीदें

हिमाचल मौसम की बड़ी बातें

- रविवार को पहाड़ी राज्य के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश हुई। 26 अगस्त तक बारी बारिश जारी रहने की आशंका है।

- मौसम विभाग ने इस सप्ताह चंबा और मंडी जिलों के भारी बारिश के साथ बाढ़ के खतरे की भी चेतावनी दी है।

- मौसम कार्यालय ने कहा कि भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ आ सकती है। नदियों और नालों में जलस्तर बढ़ सकता है। इसके अलावा खड़ी फसलों, फलों के पौधों और नए पौधों को नुकसान हो सकता है।

- मौजूदा स्थिति के बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को केंद्र से विशेष राहत पैकेज की मांग की।

- बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ बैठक में सुक्खू ने इस बात पर प्रकाश डाला कि केंद्र के वित्तीय प्रावधानों की मौजूदा राहत राज्य में भारी बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए अपर्याप्त थी।

- मुख्यमंत्री ने राज्य में पुनर्प्राप्ति प्रयासों में सहायता के लिए केदारनाथ और भुज त्रासदी के दौरान प्रदान की गई वित्तीय सहायता की भी अपील की।

- राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 20 टीमें, भारतीय सेना की नौ टुकड़ियां और भारतीय वायु सेना के तीन हेलीकॉप्टर बचाव एवं राहत कार्य के लिए हिमाचल प्रदेश में तैनात किए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।