सरकार ने पहली बार 18 भारतीय YouTube चैनलों को किया ब्लॉक, 4 पाकिस्तानी चैनल भी हुए बैन

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने भारत के खिलाफ गलत सूचना फैलाने वाले 18 भारतीय और 4 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों (YouTube channels) को ब्लॉक कर दिया है

अपडेटेड Apr 05, 2022 पर 5:11 PM
I&B मिनिस्ट्री ने भारत विरोधी कंटेंट पोस्ट करने वाले 22 यूट्यूब चैनलों को किया ब्लॉक

सूचना और प्रसारण मंत्रालय (I&B Ministry) ने भारत के खिलाफ गलत सूचना फैलाने वाले 22 यूट्यूब चैनलों (YouTube Channels) को मंगलवार को ब्लॉक कर दिया। मंत्रालय ने बताया कि ये चैनल भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी संबंधों और कानून-व्यवस्था को लेकर गलत और भ्रामक सूचनाएं फैलाते थे।

इन 22 YouTube चैनलों में 18 भारतीय और 4 पाकिस्तान के यूट्यूब चैनल है। भारतीय यूट्यूब चैनलों में ARP न्यूज, सरकारी बाबू, न्यूज23 हिंदी, किसानतक, भारत मौसम, एग्जाम रिपोर्ट आदि नाम शामिल हैं। वहीं पाकिस्तान के जिन YouTube चैनलों को ब्लॉक किया गया है, उनमें दुनिया मेरे आगे, गुलाम नबीमदनी, हकीकत TV और हकीकत TV 2.0 शामिल हैं।

इसके अलावा सरकार ने 3 ट्विटर अकाउंट, 1 फेसबुक अकाउंट और 1 न्यूज वेबसाइट को भी ब्लॉक किया है।


सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "जिन YouTube Channels को ब्लॉक किया गया है कि उनके कुल 260 करोड़ से अधिक दर्शक थे। इन चैनलों का इस्तेमाल भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी संबंधों और सामाजिक व्यवस्था से जुड़े संवेदनशील विषयों पर फर्जी खबरें बनाने और सोशल मीडिया पर तालमेल बनाकर दुष्प्रचार फैलाने में होता था।"

यह भी पढ़ें- Elon Musk को सबसे ज्यादा परेशान करती है Twitter की यह ‘अकेली समस्या’, एक भारतीय से की शेयर

मंत्रालय ने बताया कि यह पहला मौका है जब भारत सरकार ने IT रूल्स 2021 के तहत मिली इमरजेंसी शक्तियों का इस्तेमाल कर भारतीय YouTube चैनलों को ब्लॉक किया है। मंत्रालय ने कहा, "भारत सरकार ने पहली बार भारतीय YouTube चैनलों को ब्लॉक करने की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई IT रूल्स 2021 के तहत मिली इमरजेंसी शक्तियों का इस्तेमाल करके किया गया है।"

ब्लॉक किए गए भारतीय YouTube चैनल कुछ टीवी न्यूज चैनलों के लोगो और टेम्प्लेट का इस्तेमाल करते थे। साथ ही वे उनके न्यूज एंकर की तस्वीरों का भी टेम्प्लेट में इस्तेमाल करते थे, जिससे लोगों को यह भरोसा दिलाया जा सके कि उनकी खबरें सच्ची हैं। वीडियो में गलत थंबनेल का इस्तेमाल किया जाता था और सोशल मीडिया पर वीडियो को वायरल कराने और उसकी पहुंच को बढ़ाने के लिए लगातार उसके थंबनेल बदले जाते थे।

ये YouTube चैनल भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर आदि जैसे संवेदनशील विषयों पर फर्जी खबरें पोस्ट करते थे। मंत्रालय ने बताया, "पाकिस्तान से संचालित होने वाले कई सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए पूरे तालमेल के साथ भारत-विरोधी कंटेंट पोस्ट किए जाते थे, इन अकाउंट्स को भी ब्लॉक करने का आदेश दिया गया है।"

भारत सरकार ने कहा कि यूक्रेन में जारी मौजूदा संकट को लेकर भी कई भारतीय यूट्यूब चैनलों ने बड़ी मात्रा में फर्जी खबरों वाले कंटेंट पोस्ट किए थे। इसके साथ ही भारत सरकार दिसंबर 2021 से अब तक 78 यूट्यूब चैनलों को भारत विरोधी कंटेंट पोस्ट करने को लेकर ब्लॉक कर चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।