IMD Weather Forecast: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने सोमवार (27 मई) को एक बयान में बताया कि अगले पांच दिनों में केरल में मानसून के आगमन के लिए मौसम की स्थिति अनुकूल हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 29 मई तक प्रचंड गर्मी का कहर जारी रहेगा। IMD ने केरल में 29 मई तक भारी बारिश जारी रहने की भविष्यवाणी की है। वहीं, पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। बता दें कि देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। रविवार को 37 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
